Home » Uncategorized » विकास मिश्रा और दीपक चौरसिया का आत्मीय मिलन: IIMT में पहुंचे दीपक चौरसिया,छात्रों को दिया मूल मंत्र

विकास मिश्रा और दीपक चौरसिया का आत्मीय मिलन: IIMT में पहुंचे दीपक चौरसिया,छात्रों को दिया मूल मंत्र

572 Views

ग्रेटर नोएडा। IIMT ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘विद्यारंभ’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के दिग्गज पत्रकार और लाइव टाइम्स के न्यूज डायरेक्टर दीपक चौरसिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। तीन दशकों से अधिक का पत्रकारिता अनुभव रखने वाले दीपक चौरसिया ने नए छात्रों को फील्ड रिपोर्टिंग के अपने अनुभवों से रूबरू कराया और जीवन में सफलता का मूल मंत्र दिया।

सुनामी की उस घटना ने सिखाया जीवन का सबसे बड़ा सबक

छात्रों को संबोधित करते हुए दीपक चौरसिया ने दिसंबर 2004 में आई भयानक सुनामी के दौरान अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की अपनी रिपोर्टिंग का एक भावुक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि किस तरह उनकी रिपोर्टिंग की वजह से लगातार तीन दिनों तक पेड़ पर फंसी 6 साल की एक बच्ची की जान बच पाई थी।

​दीपक चौरसिया ने बताया, “जब मैंने उस बच्ची से पूछा कि तीन दिन तक मौत के मुंह में रहने के बावजूद किस बात ने उसे जिंदा रखा, तो बच्ची का सीधा जवाब था—’कभी हिम्मत मत हारना।’ उस छोटी सी बच्ची की इस बात ने मुझे जीवन का सबसे बड़ा पाठ पढ़ाया।” उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपनी पत्रकारिता और व्यक्तिगत जीवन में चुनौतियों से डरे बिना हमेशा आगे बढ़ते रहें।

जमीन से जुड़े हैं मीडिया इंडस्ट्री के दिग्गज

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे IIMT ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के पत्रकारिता विभाग के डीन ने दीपक चौरसिया के साथ ‘आजतक’ में बिताए अपने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि सफलता के शिखर पर पहुंचने के बावजूद दीपक चौरसिया में वही सहजता और बड़प्पन कायम है।

​उन्होंने कहा, “इराक युद्ध, 26/11 मुंबई आतंकी हमला, संसद पर हमला या सुनामी—देश-विदेश की हर बड़ी खबर पर दीपक जी ने अपनी जांबाज रिपोर्टिंग से लोहा मनवाया है। भीषण हादसे और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बाद भी उनका पत्रकारिता का जुनून कम नहीं हुआ है। नए छात्रों के लिए उनका अनुभव किसी विश्वविद्यालय से कम नहीं है।”

छात्रों को मिला व्यावहारिक मार्गदर्शन

कार्यक्रम के दौरान दीपक चौरसिया ने छात्रों को बदलते दौर की डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की चुनौतियों, फील्ड रिपोर्टिंग की बारीकियों और नैतिक मूल्यों के बारे में विस्तार से समझाया। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने मुख्य अतिथि के साथ संवाद भी किया, जिसमें उन्होंने मीडिया में करियर बनाने की अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया।

media4samachar
Author: media4samachar

Live Cricket

Daily Astrology