लखनऊ- (Media4samachar) की खोजी एवं असरदार रिपोर्टिंग का एक और बड़ा प्रभाव देखने को मिला है। उत्तर प्रदेश में इंडिया अहेड (India Ahead) चैनल से जुड़े स्टेट हेड यूपी की गतिविधियों एवं अनियमितताओं को लेकर प्रकाशित की गई विशेष खबर के बाद संस्थान प्रबंधन पूरी तरह हरकत में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंडिया अहेड प्रबंधन ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित स्टेट हेड यूपी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।


इंडिया अहेड का आधिकारिक बयान
‘मीडिया4समाचार’ पर ”इंडिया अहेड’ चैनल में रिपोर्टरों से ₹5 से ₹10 हजार की जबरन उगाही अन्यथा बाहर’ शीर्षक से प्रकाशित समाचार का इंडिया अहेड प्रबंधन ने गंभीर संज्ञान लिया है।
इंडिया अहेड स्पष्ट करना चाहता है कि उत्तर प्रदेश ब्यूरो से जुड़े रहे नागेंद्र प्रताप सिंह और दानिश वारसी को चैनल प्रबंधन द्वारा लगभग दो महीने पूर्व ही उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया गया था। इसके संबंध में जारी आधिकारिक ईमेल एवं अन्य अभिलेख उपलब्ध हैं, जो यह प्रमाणित करते हैं कि दोनों व्यक्तियों का चैनल से संबंध पूर्व में ही समाप्त हो चुका था।
वर्तमान में नागेंद्र प्रताप सिंह एवं दानिश वारसी का इंडिया अहेड, उसके उत्तर प्रदेश ब्यूरो अथवा चैनल के किसी भी विभाग से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कोई संबंध नहीं है।
चैनल प्रबंधन के संज्ञान में यह भी आया है कि इंडिया अहेड के नाम और प्रतिष्ठा का कथित दुरुपयोग कर कुछ लोगों से धनराशि की मांग किए जाने के आरोप सामने आए हैं। इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए प्रबंधन ने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। साथ ही, उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकारियों के समक्ष आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
इंडिया अहेड स्पष्ट करता है कि चैनल में संवाददाता, रिपोर्टर, स्ट्रिंगर, कैमरापर्सन अथवा किसी भी अन्य पद पर नियुक्ति या संबद्धता के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क, सिक्योरिटी मनी, रजिस्ट्रेशन फीस या अन्य आर्थिक योगदान नहीं लिया जाता। यदि कोई व्यक्ति चैनल के नाम पर धनराशि की मांग करता है, तो वह पूरी तरह अनधिकृत एवं अवैध है।
चैनल सभी इच्छुक पत्रकारों, सहयोगियों और आम नागरिकों से अपील करता है कि वे इंडिया अहेड के नाम पर किसी भी प्रकार की धनराशि का भुगतान करने से पूर्व उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल चैनल प्रबंधन को उपलब्ध कराएं, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।
इंडिया अहेड निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय पत्रकारिता के अपने मूल्यों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। संस्थान अपनी साख, पारदर्शिता और पत्रकारिता की नैतिकता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करता तथा भविष्य में भी फर्जीवाड़े, भ्रामक प्रचार और चैनल के नाम के दुरुपयोग के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रखेगा।






Users Today : 37
Users Yesterday : 92