लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के थाना गोमतीनगर क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक बैंककर्मी ने घरेलू विवाद के चलते अपनी बैंक अधिकारी पत्नी और अपनी ही बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतका दिव्या मिश्रा लोकप्रिय यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
कार्यालय के बाहर पत्नी पर चलाई गोली
जानकारी के अनुसार, दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में बतौर असिस्टेंट मैनेजर कार्यरत थीं और आलमबाग इलाके की रहने वाली थीं। गुरुवार दोपहर उनके पति मानस बाजपेई ने उन्हें फोन करके गोमतीनगर स्थित बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच सड़क पर कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद मानस ने अचानक पिस्टल निकालकर दिव्या को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दिव्या ने करीब एक साल पहले अदालत में पति से तलाक के लिए अर्जी दाखिल की थी।
घर पहुंचकर बहन की हत्या की और फिर खुद को उड़ाया
पत्नी पर हमला करने के बाद मानस लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित अपने घर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह काफी घबराया हुआ और पसीने से लथपथ था। घर पहुंचते ही उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और अपनी बहन शीबा बाजपेई को गोली मार दी। इसके तुरंत बाद उसने खुद को भी गोली मार ली, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा कर लोगों से अपनी बहन की सलामती के लिए प्रार्थना करने की अपील की थी। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
व्हाट्सएप स्टेटस में गंभीर आरोप
वारदात से ठीक पहले मानस ने अपने व्हाट्सएप पर एक लंबा स्टेटस पोस्ट किया था। स्टेटस में उसने अपनी पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए हत्या की मंशा जताई थी। इसके अलावा, उसने इस पोस्ट में अपनी साली प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति भरत यादव का भी जिक्र किया था।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि व्हाट्सएप स्टेटस, पारिवारिक कलह और वैवाहिक विवाद के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।





Users Today : 35
Users Yesterday : 92