नई दिल्ली: ‘जी’ (Zee) ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन एमेरिटस डॉ. सुभाष चंद्रा ने अपने बारे में उठ रहे सवालों और तरह-तरह की चर्चाओं के बीच बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने सार्वजनिक रूप से घोषणा की है कि वह अब सीधे जनता और दर्शकों से संवाद करेंगे। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) का सहारा लिया है, जहां वह इस सोमवार से हर सुबह 9 बजे लाइव (LIVE) आकर लोगों के सवालों का सीधा जवाब देंगे।
‘तीसरे पक्ष की जगह सीधी बातचीत जरूरी’
सुभाष चंद्रा ने फेसबुक पर साझा किए गए अपने एक संदेश में सीधे संवाद की वजह स्पष्ट की। उन्होंने लिखा कि अक्सर दो लोगों के बीच दूरियां तब बढ़ने लगती हैं, जब उनके बीच की बात कोई तीसरा व्यक्ति करने लगता है। इसी दूरी और गलतफहमियों को खत्म करने के उद्देश्य से उन्होंने यह पहल शुरू की है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जब आपके सवाल हैं, तो उनके जवाब भी मुझसे ही होने चाहिए। मैं सही हूँ या गलत, इस बात का फैसला भी हमारे बीच सीधी बातचीत के बाद ही होना चाहिए।”
‘कोई बीच में नहीं, बस आप और मैं’
बातचीत के स्वरूप को साफ करते हुए डॉ. सुभाष चंद्रा ने कहा कि इस संवाद में किसी भी तरह का कोई मध्यस्थ या तीसरा व्यक्ति नहीं होगा। उन्होंने लोगों से खुले तौर पर सवाल पूछने का आह्वान करते हुए कहा, “आप सवाल पूछिए, मैं जवाब दूँगा। कोई बीच में नहीं… बस आप और मैं।”
मीडिया जगत में डॉ. सुभाष चंद्रा के इस कदम को एक बड़ी और साहसिक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जहाँ एक प्रमुख उद्योगपति बिना किसी मीडिया फिल्टर के सीधे जनता के सामने अपनी बात रखने और उनके तीखे सवालों का सामना करने जा रहा है।



Users Today : 34
Users Yesterday : 254