वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद शर्मा ने पंजाब/हरियाणा के प्रमुख न्यूज चैनल्स में शुमार ‘डेली पोस्ट टीवी’ (Daily Post TV) में अपनी पारी को विराम दे दिया है। वह करीब पौने तीन साल से इस चैनल में कार्यरत थे और बतौर इनपुट एडिटर और न्यूज रूम डायरेक्टर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
मीडिया4समाचार से बातचीत में प्रमोद शर्मा ने बताया कि पारिवारिक कारणों से वह कुछ समय के लिए मीडिया से ब्रेक ले रहे हैं। जल्द ही वह अपनी नई पारी शुरू कर उसके बारे में बताएंगे।
मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले प्रमोद शर्मा को मीडिया में काम करने का करीब तीस साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों में विभिन्न पदों पर अपनी भूमिकाएं निभाई हैं।
प्रमोद शर्मा ने मीडिया में अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में ‘राष्ट्रीय सहारा’ से की थी। यहां शुरुआत में बतौर रिपोर्टर वह दिल्ली और फिर गाजियाबाद में कार्यरत रहे। बाद में यहां उन्हें ब्यूरो चीफ और फिर नोएडा में रिपोर्टिंग टीम का हेड नियुक्त किया गया। इस दौरान उन्होंने ‘सहारा टीवी’ के लिए भी काम किया।
इसके बाद उन्होंने यहां से बाय बोलकर बतौर एसोसिएट एडिटर ‘समाचार प्लस’ चैनल जॉइन कर लिया। इसके बाद वह ‘के न्यूज’ आ गए और एग्जिक्यूटिव एडिटर (यूपी/यूके) के पद पर अपनी सेवाएं दीं। यहां उन्होंने लोकप्रिय इलेक्शन लाइव शो ‘वोटर तो बोलेगा’ किया।
वर्ष 2018 में प्रमोद शर्मा ‘जी’ मीडिया से जुड़ गए और यहां करीब चार साल तक (फरवरी 2018 से दिसंबर 2022 ) नेटवर्क एडिटर समेत अहम पदों पर अपनी जिम्मेदारी संभाली। यहां वह ‘जी’ (दिल्ली-एनसीआर) को लॉन्च करने वाली कोर टीम का हिस्सा थे। ‘जी’ में वह ‘दास्तान ए जुर्म’ नाम से लोकप्रिय शो भी करते थे।
इसके बाद उन्होंने यहां से इस्तीफा देकर पंजाब/हरियाणा में ‘डेली पोस्ट टीवी’ जॉइन कर लिया था और इनपुट एडिटर के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे, जहां से अब उन्होंने इस्तीफा देकर दिल्ली वापसी की है और जल्द ही अपनी नई पारी का आगाज करेंगे।




Users Today : 171
Users Yesterday : 139