Home » आवाजाही » इस मीडिया संस्थान के संपादकीय नेतृत्व में बड़ा बदलाव,अंकित शुक्ला बने नए ग्रुप संपादक

इस मीडिया संस्थान के संपादकीय नेतृत्व में बड़ा बदलाव,अंकित शुक्ला बने नए ग्रुप संपादक

88 Views

प्रमोट होकर मिली जिम्मेदारी, प्रिंट और डिजिटल दोनों मोर्चों की कमान संभालेंगे अंकित शुक्ला

प्रभात खबर अख़बार समूह में अहम संपादकीय फेरबदल किया गया है। मैनेजिंग एडिटर के रूप में कार्यरत अंकित शुक्ला को प्रमोट कर ग्रुप एडिटर बना दिया गया है। वे अब अख़बार के प्रिंट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म्स की समग्र संपादकीय जिम्मेदारी संभालेंगे।

प्रभात खबर प्रबंधन ने वरिष्ठ पत्रकार अंकित शुक्ला को ग्रुप एडिटर की जिम्मेदारी सौंप दी है। अब तक वे प्रभात खबर में मैनेजिंग एडिटर के तौर पर कार्य कर रहे थे और संगठन के भीतर संपादकीय निर्णयों में उनकी भूमिका लगातार मजबूत होती गई। नए दायित्व के तहत अंकित शुक्ला पर समूह के विभिन्न संस्करणों और डिजिटल विस्तार की रणनीति को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।

अंकित ने माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। वे दो दशक से मीडिया में हैं। उन्होंने कई राज्यों में मीडिया में विभिन्न भूमिकाओं को निभाया है। अंकित बाइलिंगुअल हैं। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं के अखबारों में काम किया है।

अंकित शुक्ला का पत्रकारिता करियर लंबे अनुभव और विविध भौगोलिक कार्यक्षेत्र से जुड़ा रहा है। उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया, आई नेक्स्ट दैनिक जागरण, हिंदुस्तान टाइम्स, राष्ट्रीय सहारा, दैनिक भास्कर और अमर उजाला जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाई हैं। रिपोर्टिंग से लेकर संपादन तक के सफर में उन्होंने कई राज्यों में काम किया और ग्राउंड रिपोर्टिंग तथा मैनेजमेंट दोनों स्तरों पर अपनी पहचान बनाई। अमर उजाला के कानपुर संस्करण के संपादक के रूप में भी उनका कार्यकाल चर्चित रहा, जहां उन्होंने स्थानीय और क्षेत्रीय पत्रकारिता को मजबूती देने पर खास जोर दिया।

प्रभात खबर में आने के बाद अंकित शुक्ला को पहले मैनेजिंग एडिटर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस दौरान प्रिंट के साथ-साथ डिजिटल कंटेंट, न्यूज प्रेजेंटेशन और टीम मैनेजमेंट में उनकी भूमिका निर्णायक मानी गई। संगठन के भीतर यह माना जा रहा है कि उनकी कार्यशैली और अनुभव को देखते हुए ग्रुप एडिटर के रूप में उन्हें प्रमोट किया गया है।

अंकित ने अपने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स से की थी। इसके बाद वे टाइम्स ऑफ इंडिया और जागरण आई नेक्स्ट से जुड़े। फिर दैनिक भास्कर समूह में उन्होंने 17 वर्षों तक काम किया, जहाँ वे चीफ सब एडिटर से लेकर स्टेट एडिटर (झारखंड और बिहार) तक की जिम्मेदारियाँ निभाते रहे।

भास्कर के बाद अंकित शुक्ला ने अमर उजाला, कानपुर में सीनियर एडिटर के रूप में कार्य किया। अब उन्हें प्रभात खबर में ग्रुप एडिटर की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अंकित शुक्ला को वर्तमान मैनेजिंग एडिटर पद से प्रमोट करते हुए ग्रुप एडिटर (प्रिंट और डिजिटल) की जिम्मेदारी सौंपने की विधिवत घोषणा प्रभात खबर प्रबंधन द्वारा बुधवार को की गई।

उल्लेखनीय है कि प्रभात खबर में इससे पहले ग्रुप एडिटर की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष चतुर्वेदी के पास थी। उनके केंद्रीय सूचना आयुक्त बनने के बाद से यह पद खाली हो गया था।

मीडिया जगत में इस नियुक्ति को प्रभात खबर के भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि अंकित शुक्ला के नेतृत्व में अख़बार समूह प्रिंट के साथ डिजिटल पत्रकारिता को और आक्रामक रूप से आगे बढ़ाएगा और पूर्वी भारत के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी को मजबूत करने की कोशिश करेगा।

media4samachar
Author: media4samachar

Live Cricket

Daily Astrology