नई दिल्ली: देश की प्रतिष्ठित अंग्रेजी पत्रिका आउटलुक (Outlook) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। संस्थान की संपादक चिंकी सिन्हा के पद छोड़ने के बाद अब पूरी संपादकीय टीम में बिखराव की स्थिति पैदा हो गई है। जानकारी के अनुसार, मैनेजिंग एडिटर समेत कई विभाग प्रमुखों ने एक साथ अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है, जिससे मीडिया जगत में हड़कंप मच गया है
हाल ही में पद छोड़ने वाली चिंकी सिन्हा ने भावुक संदेश साझा किया है। इस पोस्ट में उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वह आउटलुक की संपादक नहीं हैं। उन्होंने अपनी टीम के प्रति आभार जताते हुए लिखा कि जब उन्होंने 2021 में पदभार संभाला था, तब चुनौतियां बहुत थीं, लेकिन टीम के सहयोग से उन्होंने पत्रकारिता के ऊंचे मानकों को बनाए रखने की कोशिश की।
इन वरिष्ठ पदों पर गिरी गाज
चिंकी सिन्हा ने अपनी पोस्ट में खुलासा किया कि संस्थान छोड़ने वालों में वह अकेली नहीं हैं। उनके साथ एक पूरी अनुभवी टीम ने भी किनारा कर लिया है, जिसमें शामिल हैं:
- मैनेजिंग एडिटर (Managing Editor)
- फॉरेन अफेयर्स एडिटर (Foreign Affairs Editor)
- एंटरटेनमेंट और कल्चर एडिटर (Entertainment & Culture Editor)
- सोशल मीडिया लीड (Social Media Lead)
लेखकों और कवियों से विशेष अपील
चिंकी ने उन लेखकों, कवियों और कलाकारों को आगाह किया है जो नियमित रूप से उन्हें अपनी रचनाएं भेजते थे। उन्होंने लिखा:
”अब मैं आउटलुक के साथ नहीं हूं, इसलिए कृपया मुझे अपनी कहानियां, कविताएं या रिपोर्ट न भेजें। मैं अब उन पर कोई प्रतिक्रिया देने या उन्हें प्रकाशित करने की स्थिति में नहीं हूं।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो सदस्य संस्थान छोड़ चुके हैं, वे अब किसी भी ‘पिच’ को स्वीकार नहीं करेंगे। इच्छुक लोग अपनी सामग्री अब आउटलुक की नई टीम को भेज सकते हैं।
पत्रकारिता के सिद्धांतों पर जोर
चिंकी सिन्हा ने अपने सहयोगियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी टीम में ईमानदारी और संवेदनशीलता थी। उन्होंने ऐसे समय में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की जब पत्रकारिता में समझौते आम होते जा रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट का अंत इन शब्दों के साथ किया, “एडिटर आते-जाते रहते हैं, लेकिन शब्द, यादें और दोस्ती हमेशा बाकी रहती है।”
इतने बड़े पैमाने पर हुए इस्तीफों के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आउटलुक प्रबंधन इस रिक्तता को भरने के लिए क्या कदम उठाता है।




Users Today : 22
Users Yesterday : 63