Home » टीवी » सहारा मीडिया ग्रुप का संचालन अब भारत एक्सप्रेस चैनल के चेयरमैन उपेंद्र राय संभालेंगे

सहारा मीडिया ग्रुप का संचालन अब भारत एक्सप्रेस चैनल के चेयरमैन उपेंद्र राय संभालेंगे

2,963 Views

सहारा मीडिया को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब एक अहम और निर्णायक संकेत सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, सहारा मीडिया के शीर्ष प्रबंधन में शामिल वरिष्ठ अधिकारी जयव्रत राय ने उपेंद्र राय को जॉइंट वेंचर मॉडल के तहत मीडिया संचालन के लिए सबसे उपयुक्त चेहरा माना है। इसी आधार पर सहारा मीडिया को आगे बढ़ाने की ज़िम्मेदारी उपेंद्र राय को दिए जाने की तैयारी है।

सूत्र बताते हैं कि राष्ट्रीय सहारा को संचालित करने के लिए बीते कुछ समय से कई नाम सामने आए थे और अलग-अलग स्तरों पर प्रयास भी हुए, लेकिन वे सभी कोशिशें निर्णायक मोड़ तक नहीं पहुंच सकीं। अंततः प्रबंधन की राय इस बात पर बनी कि मीडिया संचालन के लिए अनुभव, नेटवर्क और निर्णायक नेतृत्व क्षमता की ज़रूरत है—और यह कसौटी उपेंद्र राय पर खरी उतरती है।

उपेंद्र राय ही क्यों?
मीडिया इंडस्ट्री में उपेंद्र राय को रणनीतिक सोच, कंटेंट की समझ और मैनेजमेंट क्षमता के लिए जाना जाता है। सूत्रों का कहना है कि जॉइंट वेंचर के ज़रिये सहारा मीडिया को न सिर्फ़ स्थिरता मिलेगी, बल्कि डिजिटल और न्यू-एज मीडिया के दौर में उसे नई दिशा भी मिल सकती है। सूत्रों का कहना है कि जो लोग राष्ट्रीय सहारा को चलाने की कोशिश में थे, वे प्रबंधन का विश्वास हासिल नहीं कर सके। ऐसे में उपेंद्र राय का नाम सबसे आगे आया और सहमति लगभग बन चुकी है।

जॉइंट वेंचर मॉडल पर ज़ोर
सूत्रों के मुताबिक, यह मॉडल इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इससे सहारा मीडिया की ब्रांड वैल्यू को बनाए रखते हुए प्रोफेशनल संचालन संभव होगा। जयव्रत राय इस बात के पक्षधर हैं कि मीडिया संस्थान भावनाओं से नहीं, बल्कि ठोस रणनीति और भरोसेमंद नेतृत्व से चलना चाहिए।

अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो आने वाले दिनों में सहारा मीडिया के भविष्य को लेकर तस्वीर और साफ़ हो सकती है। मीडिया जगत की निगाहें अब इस संभावित जॉइंट वेंचर पर टिकी हैं, जिसे सहारा मीडिया के पुनरुत्थान की दिशा में एक सकारात्मक क़दम माना जा रहा है।

media4samachar
Author: media4samachar

Live Cricket

Daily Astrology