नोएडा: मीडिया जगत के उभरते हुए चैनल ‘भारत एक्सप्रेस’ (Bharat Express) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों और पीड़ित पत्रकारों के अनुसार, संस्थान पिछले दो महीनों से अपने कर्मचारियों को वेतन देने में विफल रहा है। चैनल के अंदरूनी हालातों ने पत्रकारों के बीच भारी असंतोष और अनिश्चितता का माहौल पैदा कर दिया है। Media4samachar को मिली जानकारी के बाद जब चैनल प्रबन्धन से संपर्क किया तो कोई जवाब नहीं दिया गया
सैलरी वितरण में ‘भेदभाव’ का आरोप
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, प्रबंधन ने सैलरी बांटने के लिए एक अजीबोगरीब फॉर्मूला अपनाया है। बताया जा रहा है कि जिन कर्मचारियों की सैलरी कम है (लगभग 25 हजार रुपये तक), उनका भुगतान तो कर दिया गया है। लेकिन जिन पत्रकारों और कर्मियों का वेतन 25,000 रुपये से अधिक है, उन्हें पिछले दो महीनों से केवल आश्वासन मिल रहा है।
इस्तीफा देने वालों पर ‘गाज’
सबसे गंभीर आरोप यह है कि जो पत्रकार संस्थान की इस कार्यप्रणाली और वेतन संकट से परेशान होकर इस्तीफा दे रहे हैं, उनका बकाया वेतन रोक लिया गया है। पत्रकारों का कहना है कि संस्थान छोड़ने वालों का Full & Final Settlement (F&F) करने के बजाय उनका वेतन अटकाया जा रहा है, जो कि श्रम कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन है।
उपेंद्र राय के दावों पर सवाल
वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र राय के नेतृत्व में शुरू हुए इस चैनल ने मीडिया जगत में बड़े बदलाव के दावों के साथ एंट्री की थी। लेकिन शुरुआत के कुछ समय बाद ही वेतन संकट की खबरों ने संस्थान की साख पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
फिलहाल, संस्थान के प्रबंधन की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मीडिया गलियारों में चर्चा है कि अगर जल्द ही वेतन का भुगतान नहीं हुआ, तो बड़ी संख्या में पत्रकार सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं या श्रम विभाग का दरवाजा खटखटा सकते हैं।






Users Today : 24
Users Yesterday : 603