नई दिल्ली/नोएडा:
डिजिटल मीडिया जगत में इन दिनों एक बड़े ‘माइग्रेशन’ का दौर शुरू हो गया है। ‘द लल्लनटॉप’ (The Lallantop) के प्रशंसकों और मीडिया गलियारों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। लल्लनटॉप के संस्थापक सदस्यों में से एक और सौरभ द्विवेदी के बेहद करीबी माने जाने वाले रजत सेन ने आखिरकार अपनी नई पारी की शुरुआत कर दी है। रजत अब इंडियन एक्सप्रेस (Indian Express) की हिंदी टीम का हिस्सा बन चुके हैं।
सोशल मीडिया पर की घोषणा
रजत सेन के अगले कदम को लेकर पिछले कुछ दिनों से मीडिया जगत में चर्चाएं तेज थीं। हाल ही में ‘भड़ास’ ने भी इस संबंध में खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद देर रात खुद रजत सेन ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नई पारी की आधिकारिक घोषणा कर दी। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस के साथ जुड़ने की जानकारी साझा करते हुए अपनी भविष्य की योजनाओं के संकेत दिए हैं।
लल्लनटॉप से मचेगी भगदड़? अभी और होंगे इस्तीफे
मीडिया सूत्रों के हवाले से जो सबसे बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है, वह यह है कि लल्लनटॉप से केवल रजत सेन ही नहीं, बल्कि कुछ और बड़े चेहरे भी जल्द ही इस्तीफा दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि सौरभ द्विवेदी की इंडियन एक्सप्रेस वाली नई टीम में शामिल होने के लिए कई पत्रकारों के साथ बातचीत का दौर अंतिम चरण में है। आने वाले कुछ दिनों में कई और चौंकाने वाले नाम सामने आ सकते हैं, जो लल्लनटॉप का साथ छोड़ एक्सप्रेस का दामन थामेंगे।
सौरभ द्विवेदी की ‘कोर टीम’ फिर से तैयार
रजत सेन का ‘द लल्लनटॉप’ के साथ लगभग एक दशक लंबा जुड़ाव रहा। बतौर डिप्टी एडिटर उन्होंने संस्थान को खड़ा करने और बेहतरीन डॉक्यूमेंट्रीज़ बनाने में अहम भूमिका निभाई। सौरभ द्विवेदी के साथ उनकी ट्यूनिंग जगजाहिर रही है, और अब यही जोड़ी इंडियन एक्सप्रेस के डिजिटल विस्तार को नई ऊंचाई देने की तैयारी में है।
डिजिटल पत्रकारिता में एक्सप्रेस का नया दांव
सौरभ द्विवेदी के नेतृत्व में इंडियन एक्सप्रेस की हिंदी टीम अब पूरी तरह से नए कलेवर में नजर आने वाली है। रजत सेन जैसे अनुभवी और वीडियो-कंटेंट के माहिर खिलाड़ी के जुड़ने और संभावित नए इस्तीफों की खबरों से यह साफ है कि एक्सप्रेस समूह अब डिजिटल न्यूज़ और वीडियो जर्नलिज्म में एक बड़ा धमाका करने के मूड में है।





Users Today : 15
Users Yesterday : 278