बेंगलुरु में ड्रग्स की बड़ी बरामदगी के बाद सनसनीखेज मामला सामने आया है। 35 वर्षीय एक पूर्व पत्रकार को तीन पुलिस इंस्पेक्टरों से 15 लाख रुपये की कथित उगाही की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान शरथ शर्मा कलागरु के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु के विंडसर लेआउट का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में BTV कन्नड़ चैनल के मालिक और एक रिपोर्टर को भी नामजद किया है। बागलुरु थाने के सब-इंस्पेक्टर रमेश बंदरादा की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की वेबसाइट में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, एफआईआर के मुताबिक, 28 दिसंबर को शरथ शर्मा ने एसआई रमेश बंदरादा को फोन कर दावा किया कि उसके पास सबूत हैं कि कोथानूर, अवलाहल्ली और बागलुरु थानों के इंस्पेक्टर—चेतन कुमार, रामकृष्ण रेड्डी और श्रीनिवास—ड्रग तस्करों से मिले हुए हैं।
शरथ ने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर हर इंस्पेक्टर से 5-5 लाख रुपये नहीं दिए गए, तो यह “खबर” एक न्यूज चैनल पर चला दी जाएगी, जिससे उनकी नौकरी जा सकती है और निलंबन तय है।
एसआई रमेश बंदरादा ने शरथ के व्हाट्सएप कॉल्स की रिकॉर्डिंग की और मैसेज के स्क्रीनशॉट भी सुरक्षित रखे। इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस ने शरथ शर्मा, BTV कन्नड़ के मालिक और रिपोर्टर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(6) के तहत केस दर्ज किया, जो डर दिखाकर उगाही की कोशिश से जुड़ी है।
संयोग या दबाव?
दिलचस्प बात यह है कि जिन तीन इंस्पेक्टरों का नाम शरथ ने लिया था, उन्हें सोमवार को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई बेंगलुरु में हाल ही में हुए ड्रग्स के बड़े भंडाफोड़ के बाद खुफिया जानकारी जुटाने में नाकामी को लेकर की गई। ये सभी इंस्पेक्टर पुलिस की ‘माने मानेंगे पुलिस’ (घर-घर पुलिस) पहल से भी जुड़े थे।
BTV कन्नड़ का बयान
BTV कन्नड़ चैनल ने फेसबुक पोस्ट के जरिए सफाई देते हुए कहा है कि शरथ शर्मा उसका कर्मचारी नहीं है। चैनल ने दावा किया कि यदि किसी को चैनल के नाम पर उगाही की धमकी मिली हो तो वे पुलिस से संपर्क करें। साथ ही चैनल ने शरथ के खिलाफ खुद भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही





Users Today : 52
Users Yesterday : 139