अयोध्या। मीडिया कर्मियों से बदसलूकी और कवरेज के दौरान कैमरा व माइक छीनने के मामले में साकेतपुरी स्थित निर्मला हॉस्पिटल के कर्मियों के खिलाफ कोतवाली अयोध्या में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई वीडियो जर्नलिस्ट राजा की तहरीर पर की गई है।
बताया जाता है कि राजधानी लखनऊ और अयोध्या के कुल पांच अस्पतालों में गंभीर लापरवाही की आशंका को उजागर करने वाली खबर के प्रसारण के बाद अस्पताल प्रबंधन बौखला गया था।
इसी क्रम में बीते दिन कवरेज के दौरान मीडिया कर्मियों के साथ अभद्रता की गई, उनका कैमरा और माइक छीन लिया गया।
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया और अयोध्या के साकेतपुरी स्थित निर्मला हॉस्पिटल का लाइसेंस निरस्त कर दिया। इसके बावजूद अस्पताल कर्मियों की दबंगई का मामला अब आपराधिक शक्ल में सामने आया है।
कोतवाली में दर्ज लूट के मुकदमे ने न केवल संबंधित अस्पताल प्रबंधन की नींद उड़ा दी है, बल्कि अन्य निजी अस्पतालों में भी हड़कंप मचा दिया है। पत्रकारों पर हमले को लेकर पुलिस की यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश मानी जा रही है कि सच उजागर करने वालों को दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





Users Today : 51
Users Yesterday : 139