इंडिया टुडे ग्रुप से एनडीटीवी में आए राहुल कंवल ने सीईओ का पदभार संभालने के साथ ही नेटवर्क में कई बड़े बदलाव करने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में चर्चित लेखक और पत्रकार जीतेंद्र दीक्षित को नेटवर्क का महाराष्ट्र प्रमुख बनाया गया है।
दीक्षित एनडीटीवी समूह के सभी चैनलों के मुंबई में एडिटर इनपुट होंगे जिनमें एनडीटीवी इंडिया, अंग्रेजी चैनल एनडीटीवी 24×7 और बिजनेस चैनल एनडीटीवी प्रॉफिट शामिल हैं। एनडीटीवी मराठी की पूरी संपादकीय टीम भी दीक्षित को रिपोर्ट करेगी।
जीतेंद्र दीक्षित बीते 27 साल से टीवी पत्रकारिता कर रहे हैं। उनके टीवी करियर की शुरुआत साल 1999 में आज तक से हुई थी जब चौबीस घंटे का समाचार चैनल बनने से पहले वो दूरदर्शन पर एक न्यूज कैप्सूल की शक्ल में प्रसारित होता था। इसके बाद दीक्षित ने स्टार न्यूज और एबीपी न्यूज में बतौर पश्चिम भारत प्रमुख के तौर पर काम किया। साल 2024 में वे एनडीटीवी से सलाहकार संपादक के रूप में जुड़े।
दीक्षित ने बतौर पत्रकार देश और दुनिया की कई बड़ी खबरें कवर की जिनमें गुजरात दंगे, तेलगी घोटाला, 26 जुलाई 2005 की मुंबई में प्रलयनकारी बारिश, 26 नवंबर 2008 का आतंकी हमला, 2011 में जापान में आई सुनामी और 2013 की केदारनाथ आपदा प्रमुख हैं।
दीक्षित की पहचान मुंबई अंडरवर्ल्ड के जानकार के रूप में भी है। उन्होंने मुंबई के समकालीन इतिहास, अपराध और राजनीति पर 6 किताबें लिखी हैं जिनमें “बॉम्बे आफ्टर अयोध्या” हाल में खासी चर्चित हुई।
राहुल कंवल इन दिनोंअलग-अलग चैनलों के संपादकीय सदस्यों के साथ बैठक कर रहे हैं। सभी को साफ बता दिया गया है की एनडीटीवी नेटवर्क अब टीआरपी की रेस में आक्रमक तरीके से उतरेगा और सभी चैनलों को अपने आंकड़े सुधारने होंगे। सूत्रों के मुताबिक जल्द चैनल के मौजूदा लोगों में से कुछ को नई जिम्मेदारी दी जाएगी तो कुछ नई भर्तियां भी होने जा रही हैं।





Users Today : 126
Users Yesterday : 139