Home » टीवी » न्यूज़ इंडिया 24×7 के नाम पर चलता था ‘वसूली’ का खेल: फर्जी स्टेट हेड चंद्रसेन वर्मा बेनकाब,सेक्टर-63 थाने में शिकायत दर्ज

न्यूज़ इंडिया 24×7 के नाम पर चलता था ‘वसूली’ का खेल: फर्जी स्टेट हेड चंद्रसेन वर्मा बेनकाब,सेक्टर-63 थाने में शिकायत दर्ज

65 Views

नोएडा (Media4samachar ब्यूरो): पत्रकारिता की आड़ में धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रतिष्ठित नेशनल न्यूज़ चैनल ‘न्यूज़ इंडिया 24×7’ के नाम का नाजायज फायदा उठाकर अवैध वसूली और रसूख जमाने वाले एक शख्स, चंद्रसेन वर्मा, के खिलाफ चैनल प्रबंधन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। आरोपी के खिलाफ नोएडा के सेक्टर-63 थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी गूंज अब मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) तक पहुंच गई है।

फर्जी पहचान और ब्लैकमेलिंग का जाल

Media4samachar को चैनल के चेयरमैन शैलेंद्र शर्मा द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, चंद्रसेन वर्मा खुद को ‘न्यूज़ इंडिया 24×7’ का ‘स्टेट हेड’ बताकर प्रदेश के विभिन्न सरकारी दफ्तरों, निजी संस्थानों और आम लोगों के बीच अपनी धौंस जमा रहा था। चैनल की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यक्ति चैनल के नाम का सहारा लेकर अधिकारियों और आम जनता पर अनुचित दबाव बनाने और उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा था।

प्रबंधन का बड़ा खुलासा: “हमारा कोई संबंध नहीं”

​चैनल का संचालन करने वाली कंपनी ओमेगा टीवी मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के एडमिन विभाग ने इस पूरे मामले पर कड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। प्रबंधन ने दो टूक कहा है कि:

  • ​चंद्रसेन वर्मा का संस्थान से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है।
  • ​वह न तो चैनल का ‘स्टेट हेड’ है और न ही किसी अन्य पद पर नियुक्त है।
  • ​उसके द्वारा न्यूज़ इंडिया 24×7 के नाम या लोगो का इस्तेमाल करना पूरी तरह अवैध, फर्जी और आपराधिक है।

कानूनी शिकंजा: पुलिस और शासन को भेजी गई रिपोर्ट

​इस फर्जीवाड़े को रोकने के लिए न्यूज़ इंडिया 24×7 प्रबंधन ने कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। नोएडा पुलिस को दी गई शिकायत में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी (420) और नाम का दुरुपयोग करने के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। इतना ही नहीं, पत्र की एक प्रति सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय को भी प्रेषित की गई है ताकि शासन स्तर पर भी इस जालसाज की पहचान सार्वजनिक हो सके।

मीडिया जगत और जनता के लिए चेतावनी

​चैनल ने एक सार्वजनिक अपील जारी करते हुए कहा है कि यदि यह व्यक्ति (चंद्रसेन वर्मा) न्यूज़ इंडिया 24×7 का प्रतिनिधि बनकर कहीं भी किसी तरह की मांग, उगाही या दबाव बनाने की कोशिश करता है, तो उसे तुरंत पुलिस के हवाले करें।

संपादकीय टिप्पणी: मीडिया की छवि खराब करने वाले ऐसे तथाकथित पत्रकारों और फर्जी पदाधिकारियों पर नकेल कसना बेहद जरूरी है, जो संस्थान के नाम की आड़ में निजी स्वार्थ सिद्ध करते हैं।

 

media4samachar
Author: media4samachar

Live Cricket

Daily Astrology