गाजियाबाद (लोनी)। लोनी क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में महिला की मौत से जुड़ी खबर प्रसारित करने के बाद ‘हिंदी खबर’ चैनल के पत्रकार अरुण पांचाल को व्हाट्सएप ग्रुप पर जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता महिला के परिजनों द्वारा अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गए लापरवाही के आरोपों को कवर करने से नाराज एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए यह धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पत्रकार ने लोनी बॉर्डर थाने में शिकायत देकर अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 28 जुलाई 2026 को लोनी स्थित नवजीवन अस्पताल में डिलीवरी के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में भारी लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। इस पूरी घटना की निष्पक्ष कवरेज करते हुए पत्रकार अरुण पांचाल ने अपने समाचार चैनल पर प्रमुखता से खबर प्रसारित की थी।
व्हाट्सएप ग्रुप पर दी धमकी और चुनौती
आरोप है कि खबर के प्रसारण से बौखलाए एक व्यक्ति ने 29 जुलाई की देर रात करीब 11:28 बजे ‘दैनिक गज केसरी युवा’ नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में पत्रकार के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। संदेश भेजने वाले ने अपना नाम राहुल त्यागी बताया और पत्रकार अरुण पांचाल को जान से मारने की धमकी देते हुए नवजीवन अस्पताल आने की खुली चुनौती भी दे डाली।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज है मुकदमा
पत्रकार अरुण पांचाल ने लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी को दिए अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपी राहुल त्यागी उन्हें पहले भी धमकियां दे चुका है। इस संबंध में वर्ष 2024 में लोनी बॉर्डर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 0478/24 पहले से ही पंजीकृत है। बार-बार मिल रही धमकियों के कारण पत्रकार और उनका परिवार काफी दहशत में है।
पुलिस जांच में जुटी
पत्रकार ने पुलिस को दिए आवेदन पत्र के साथ व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजे गए कथित धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के तौर पर सौंपे हैं।
थाना प्रभारी का बयान:
मामले में लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सोलंकी ने बताया कि “पत्रकार की ओर से शिकायत प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। व्हाट्सएप ग्रुप के संदेशों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”





Users Today : 35
Users Yesterday : 92