Home » प्रिंट » कुणाल प्रधान बनेंगे ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ के नए एडिटर-इन-चीफ,जल्द संभालेंगे कार्यभार

कुणाल प्रधान बनेंगे ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ के नए एडिटर-इन-चीफ,जल्द संभालेंगे कार्यभार

34 Views

‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ (Hindustan Times) में कुणाल प्रधान की वापसी होने जा रही है। एचटी मीडिया ग्रुप ने नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा करते हुए बताया है कि कुणाल प्रधान एक अक्टूबर 2026 को ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ के एडिटर-इन-चीफ (एक्टिंग) के तौर पर संस्थान से जुड़ेंगे। वह नवंबर 2026 के मध्य में आर. सुकुमार के पद छोड़ने के बाद एडिटर-इन-चीफ की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कुणाल प्रधान का ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ से पुराना जुड़ाव रहा है। वह इससे पहले यहां मैनेजिंग एडिटर समेत कई वरिष्ठ संपादकीय जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। करीब तीन दशक के अपने करियर में उन्होंने इंडिया टुडे, द इंडियन एक्सप्रेस, मुंबई मिरर और रॉयटर्स जैसे प्रमुख समाचार संगठनों के साथ काम किया है।

‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ में वापसी पर कुणाल प्रधान ने कहा, “हिन्दुस्तान टाइम्स एक ऐसा न्यूजरूम है, जिसे मैं अच्छी तरह जानता हूं और यह एक ऐसा संस्थान है, जिसकी मुझे गहरी परवाह है। इसलिए इसके अगले एडिटर-इन-चीफ के तौर पर लौटना मेरे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। सुकुमार और मैंने कई वर्षों तक साथ काम किया है और उनके विजन, स्पष्टता और उन्होंने जो कुछ बनाया है, उसके लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है। मैं टीम के साथ काम करते हुए उस नींव को और मजबूत करने और एचटी की पत्रकारिता को विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर और अधिक पाठकों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हूं।”

कुणाल प्रधान के एडिटर-इन-चीफ बनने के साथ आर. सुकुमार एचटी मीडिया से विदा होंगे। सुकुमार इस साल होने वाले हिन्दुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट के बाद नवंबर 2026 के मध्य में एडिटर-इन-चीफ के पद से हटेंगे।

आर. सुकुमार पिछले दो दशकों से एचटी मीडिया से जुड़े रहे हैं। वह ‘मिंट’ के संस्थापक संपादकों में शामिल रहे और बाद में ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ के एडिटर-इन-चीफ बने। एचटी मीडिया के मुताबिक, उन्होंने समूह की पत्रकारिता को मजबूत करने और मीडिया इंडस्ट्री में आए महत्वपूर्ण बदलावों के दौर में न्यूजरूम का मार्गदर्शन करने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ ने विश्वसनीय और स्वतंत्र पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बनाए रखते हुए पाठकों के खबरों को खोजने और पढ़ने के बदलते तरीकों के अनुरूप खुद को ढाला।

अपने फैसले पर आर. सुकुमार ने कहा, “एचटी मीडिया लिमिटेड उन चुनिंदा मीडिया कंपनियों में से एक है, जो आज भी अपनी पत्रकारिता की गहराई से परवाह करती है। पिछले दो दशकों में कंपनी के दो प्रमुख प्रकाशनों- ‘मिंट’ और ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ का संपादन करना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात रही है। संपादक उन टीमों का सिर्फ दिखाई देने वाला चेहरा होते हैं, जो न्यूजरूम चलाती हैं। ‘मिंट’ और ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ दोनों में मुझे असाधारण प्रतिभाशाली टीमों का हिस्सा बनने का सौभाग्य मिला। मुझे खुशी है कि एचटी में मेरे अधिकांश कार्यकाल के दौरान मेरे साथ काम करने वाले कुणाल प्रधान न्यूजरूम की कमान संभालने के लिए वापस लौट रहे हैं।”

media4samachar
Author: media4samachar

Live Cricket

Daily Astrology