नई दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड यानी कि NDTV ने ‘गुडटाइम्स’ (GoodTimes) चैनल को खरीदने को लेकर नया अपडेट दिया है। दरअसल, कंपनी के मुताबिक, यह डील अभी जारी है और अब इसे पूरा होने में करीब 3 महीने और लग सकते हैं। NDTV यह चैनल Lifestyle & Media Broadcasting Limited (LMBL) से खरीद रही है।
कंपनी ने साफ किया है कि यह डील तभी पूरी होगी जब सभी जरूरी सरकारी और रेगुलेटरी मंजूरी मिल जाए और बाकी शर्तें पूरी हो जाएं।
बता दें कि इससे पहले भी कंपनी ने दिसंबर में यह जानकारी दी थी कि कंपनी को यह डील पूरी करने तीन महीने का समय लगेगा, लेकिन अब यह समय लगभग तीन महीने और बढ़ा दिया गया है।
इस डील की वैल्यू का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह करीब 18 करोड़ रुपये है। यह एक बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट के जरिए पूरी की जाएगी और पेमेंट कैश के साथ-साथ टीवी एड इन्वेंट्री के रूप में भी की जाएगी।
इससे पहले, सितंबर 2025 में NDTV के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने Lifestyle & Media Broadcasting Limited (LMBL) से गुडटाइम्स चैनल खरीदने को मंजूरी दी थी। उस समय भी कंपनी ने कहा था कि यह डील लगभग तीन महीने में पूरी हो जाएगी। अब ताजा जानकारी में NDTV ने साफ किया है कि प्रक्रिया चल रही है, लेकिन कुछ मंजूरियों के कारण समय बढ़ गया है।
NDTV यह अधिग्रहण स्लंप सेल के जरिए कर रहा है, यानी चैनल को चलती हुई यूनिट के तौर पर खरीदा जाएगा। इसके लिए दोनों कंपनियों के बीच टर्म शीट साइन हो चुकी है और आगे बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट किया जा रहा है।
कंपनी के मुताबिक, यह सौदा अभी जरूरी कानूनी और नियामकीय मंजूरियों पर निर्भर है। साथ ही, कुछ सामान्य शर्तों को पूरा किया जाना बाकी है। इन सभी औपचारिकताओं के बाद ही इस अधिग्रहण को अंतिम रूप दिया जाएगा।
चूंकि LMBL, NDTV की जॉइंट वेंचर कंपनी है, इसलिए यह सौदा रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन की कैटेगरी में आता है। हालांकि NDTV ने साफ किया है कि यह डील पूरी तरह आर्म्स लेंथ बेसिस पर हो रही है और इसे पूरी तरह नियमों के तहत और सही वैल्यू पर किया जा रहा है।
गुडटाइम्स चैनल लाइफस्टाइल से जुड़ा चैनल की शुरुआत 2007 में NDTV ने ही की थी, जिसमें लाइफस्टाइल, फैशन, फूड और ट्रैवल से जुड़े कंटेंट दिखाए जाते हैं। 2011 में NDTV ने इसमें हिस्सेदारी बेचकर इसे जॉइंट वेंचर बनाया और फिर 2018 में यह चैनल LMBL के पास चला गया।
NDTV का कहना है कि इस अधिग्रहण से कंपनी की लाइफस्टाइल ब्रॉडकास्टिंग में मौजूदगी मजबूत होगी और बिजनेस को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।






Users Today : 20
Users Yesterday : 404