रिलायंस इंडस्ट्रीज की सब्सिडियरी कंपनी रिलायंस स्ट्रैटजिक बिजनेस वेंचर्स लिमिटेड (RSBVL) ने फिल्म प्रोडक्शन कंपनी ‘सिख्या एंटरटेनमेंट’ (Sikhya Entertainment) में 50.1 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली है। यह डील 3 फरवरी 2026 को पूरी हुई है और इसके लिए रिलायंस ने कुल 150 करोड़ रुपये नकद चुकाए हैं।
इस निवेश के बाद रिलायंस के मीडिया और कंटेंट बिजनेस ‘जियो स्टूडियोज’ (Jio Studios) की पकड़ भारतीय मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में और मजबूत हो गई है।
जियो स्टूडियोज बीते कुछ सालों में भारतीय मनोरंजन जगत का बड़ा नाम बनकर उभरा है। इसने न सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर के दर्शकों तक भारतीय कहानियां पहुंचाई हैं। जियो स्टूडियोज ने ‘धुरंधर’, ‘लापता लेडीज’ और ‘स्त्री’ फ्रेंचाइजी जैसी चर्चित और सफल फिल्मों को सपोर्ट किया है, जिससे यह कंटेंट इकोनॉमी में एक अहम ताकत बन चुका है।
जियो स्टूडियोज और सिख्या एंटरटेनमेंट की यह साझेदारी भारत और दुनिया के दर्शकों के लिए फिल्में और वेब सीरीज बनाने पर फोकस करेगी। इस साझेदारी में जियो स्टूडियोज का बड़ा नेटवर्क, मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन और लंबी सोच, वहीं सिख्या की मजबूत कहानी कहने की परंपरा एक साथ आएगी।
गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन द्वारा शुरू की गई सिख्या एंटरटेनमेंट ने पिछले दस सालों में भारतीय सिनेमा को ग्लोबल मंच पर अलग पहचान दिलाई है। यह भारत की इकलौती प्रोडक्शन कंपनी है जिसे ऑस्कर अवॉर्ड और कई नेशनल फिल्म अवॉर्ड दोनों मिल चुके हैं।
सिख्या की ऑस्कर जीतने वाली फिल्मों में ‘Period. End of Sentence.’ और ‘The Elephant Whisperers’ शामिल हैं। वहीं मसान, सोरारई पोट्टू और कथल जैसी फिल्मों को नेशनल अवॉर्ड मिल चुका है।
इसके अलावा द लंचबॉक्स, पग्गलैट, किल जैसी फिल्मों के जरिए सिख्या ने नए टैलेंट को भी लगातार मौका दिया है।
जियो स्टूडियोज की प्रेजिडेंट ज्योति देशपांडे ने कहा कि सिख्या एंटरटेनमेंट की कहानियां जमीनी और भारतीय होती हैं, लेकिन उनकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई देती है। उन्होंने कहा कि जियो स्टूडियोज हमेशा ऐसे क्रिएटर्स के साथ काम करना चाहता है, जो रचनात्मकता के साथ अपनी संस्कृति से जुड़े हों।
उन्होंने गुनीत मोंगा की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा और जज्बा काबिले-तारीफ है और इस साझेदारी से भारतीय कहानियों को दुनिया तक पहुंचाने का रास्ता और मजबूत होगा।
सिख्या एंटरटेनमेंट की गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने कहा कि वे हमेशा मानते आए हैं कि अच्छी कहानियां भाषा और सीमाओं से ऊपर होती हैं। उनका कहना है कि जियो स्टूडियोज के साथ जुड़कर वे अपनी कहानियों को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचा पाएंगे और देशभर से नए टैलेंट को आगे लाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने इसे “राइजिंग इंडिया” की कहानी बताते हुए कहा कि यह साझेदारी भारतीय सिनेमा के अगले दौर की शुरुआत है।





Users Today : 27
Users Yesterday : 139