न्यू दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (NDTV) ने अपने स्वतंत्र निदेशक विरल जगदीश दोशी को दूसरी बार तीन साल के लिए नियुक्त करने के लिए पोस्टल बैलट (ई-वोटिंग) प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी ने अपने सभी शेयरधारकों को 27 नवंबर, 2025 से 26 दिसंबर, 2025 तक ऑनलाइन वोट देने का मौका दिया है। शेयरधारक NDTV की वेबसाइट और NSDL की वेबसाइट पर जाकर सुरक्षित तरीके से अपनी सहमति या असहमति दर्ज कर सकते हैं।
कंपनी ने बताया कि अगर अधिकतर शेयरधारक दोशी की नियुक्ति का समर्थन करते हैं, तो उन्हें 24 जनवरी, 2026 से 23 जनवरी, 2029 तक फिर से स्वतंत्र निदेशक के रूप में सेवा दी जाएगी। पोस्टल बैलट के नतीजे जैसे ही घोषित होंगे, उन्हें BSE और NSE की वेबसाइट पर और कंपनी की वेबसाइट www.ndtv.com पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, जिन शेयरधारकों ने अब तक अपने ईमेल पते अपडेट नहीं किए हैं, उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे इसे जल्द अपडेट करें ताकि ऑनलाइन वोटिंग में हिस्सा ले सकें।
विरल जगदीश दोशी का जन्म 8 सितंबर, 1958 को हुआ था और वे 67 साल के हैं। उन्होंने इंग्लैंड से ‘A’ लेवल्स और अमेरिका के कॉर्नेल यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई की है। बतौर प्रोफेशनल वे कई शिक्षा संस्थानों के सलाहकार हैं और शिक्षा व करियर पर नियमित लेखन करते हैं। वे स्कूलों, कॉलेजों और कॉन्फ्रेंस में वक्ता के रूप में शामिल होते हैं और वर्कशॉप व सेमिनार का संचालन भी करते हैं।
जगदीश दोशी ने “Undefiled Heritage – a History of the 150 years of Cathedral School, Mumbai” और राष्ट्रीय बेस्टसेलर “Indian Roots Ivy Admits – 85 Essays that got Indian Students into the Ivy League and Stanford” जैसी किताबें भी लिखी हैं। उनकी विशेषज्ञता में नेतृत्व, शिक्षा परामर्श, वित्तीय और जोखिम प्रबंधन, कॉर्पोरेट गवर्नेंस, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पर्यावरण और स्थिरता शामिल हैं।
NDTV में जगदीश दोशी वर्तमान में नामांकन व वेतनमान समिति के चेयरपर्सन हैं और ऑडिट कमिटी, स्टेकहोल्डर रिलेशनशिप कमेटी और CSR कमेटी के सदस्य भी हैं। वे NDTV Convergence Limited और The Western India Automobile Association के निदेशक भी रह चुके हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जगदीश दोशी किसी अन्य निदेशक या मैनेजमेंट से संबंधित नहीं हैं और उनकी नियुक्ति से NDTV बोर्ड में नेतृत्व, अनुभव और विशेषज्ञता और मजबूत होगी।





Users Today : 56
Users Yesterday : 139