नोएडा (मीडिया डेस्क): हाल ही में मीडिया बाजार में बड़े वादों के साथ एंट्री करने वाले हिंदी न्यूज चैनल ‘इंडिया डेली लाइव’ (India Daily Live) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। चैनल के उत्तर प्रदेश (UP) ब्यूरो प्रमुख अक्षत दत्त जोशी ने चैनल प्रबंधन और मैनेजमेंट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रबंधन पर वादाखिलाफी, बिना सूचना पद से हटाने और दो महीने से वेतन न देने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
2 महीने का वेतन अटका, बिना बताए सौंपी गई दूसरे को कमान
मिली जानकारी के मुताबिक, अक्षत दत्त जोशी ने आरोप लगाया है कि चैनल में दिन-रात मेहनत करने के बावजूद प्रबंधन ने उन्हें पिछले 2 महीने से वेतन का भुगतान नहीं किया है। इतना ही नहीं, प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना, कारण बताओ नोटिस या आधिकारिक चर्चा के, उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की जिम्मेदारी किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दी गई।
भेजा गया लीगल नोटिस, होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
प्रबंधन के इस गैर-पेशेवर रवैये और कथित उत्पीड़न से नाराज होकर अक्षत दत्त जोशी ने चैनल प्रबंधन को लीगल चेतावनी (Legal Notice) दिया है। सूत्रों की मानें तो वे इस मामले को लेकर बिल्कुल भी नरमी बरतने के मूड में नहीं हैं और आने वाले दिनों में मैनेजमेंट के खिलाफ अदालत व श्रम विभाग में जाकर और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की योजना बना रहे हैं।
मीडिया जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म
नोएडा स्थित मीडिया हब में इस घटनाक्रम के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। एक तरफ जहां नया चैनल तेजी से अपने पैर जमाने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ पत्रकारों के साथ इस तरह के विवाद और सैलेरी न मिलने के आरोपों ने चैनल की आंतरिक व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।





Users Today : 37
Users Yesterday : 92