नई दिल्ली: भारतीय टीवी न्यूज इंडस्ट्री से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। नेटवर्क18 समूह के सबसे चर्चित और प्रमुख चेहरों में शुमार, न्यूज18 इंडिया के प्रबंध संपादक (Managing Editor) अमिश देवगन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पिछले करीब एक दशक से समूह के साथ जुड़े रहे अमिश देवगन का यह फैसला टीवी मीडिया गलियारों में काफी हलचल पैदा कर रहा है।
हालांकि, सूत्रों की माने तो अमिश देवगन को चैनल से निकाला गया है। इसके बाद उन्होंने अपने इस्तीफे की खबरें प्लांट करवाईं।
एक सप्ताह पहले सौंपा इस्तीफा
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, अमिश देवगन ने करीब एक सप्ताह पहले ही नेटवर्क18 प्रबंधन को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अभी तक न तो नेटवर्क18 प्रबंधन और न ही अमिश देवगन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी किया गया है।
अगला कदम: नए वेंचर से लेकर बड़े ऑफर्स तक विकल्प खुले
अमिश देवगन के अगले कदम को लेकर मीडिया इंडस्ट्री में काफी उत्सुकता देखी जा रही है। सूत्रों का दावा है कि उनके पास देश के कई बड़े और प्रमुख मीडिया संस्थानों से बड़े पदों के ऑफर हैं, जिन पर वह गंभीरता से विचार कर रहे हैं।
इसके साथ ही, एक मजबूत संभावना यह भी जताई जा रही है कि अमिश देवगन बतौर उद्यमी (Entrepreneur) अपनी एक नई पारी की शुरुआत कर सकते हैं। खबर है कि यदि वह अपना खुद का मीडिया वेंचर या डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू करते हैं, तो उन्हें बैक करने और फंड करने के लिए कुछ बड़े निवेशक (Investors) भी पूरी तरह तैयार हैं।
’आर-पार’ से बनाई घर-घर में पहचान
अमिश देवगन पिछले कई सालों से न्यूज18 इंडिया का सबसे बड़ा प्राइम-टाइम चेहरा रहे हैं। उनके लोकप्रिय डिबेट शो ‘आर-पार’ और उनकी आक्रामक व बेबाक एंकरिंग शैली ने उन्हें दर्शकों के बीच एक अलग पहचान दिलाई। नेटवर्क18 के हिंदी न्यूज चैनल को प्राइम-टाइम की टीआरपी रेस में अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने में उनके शो का अहम योगदान माना जाता है।
दो दशकों का शानदार करियर और उपलब्धियां
पत्रकारिता में दो दशक से भी अधिक का अनुभव रखने वाले अमिश देवगन ने अपने करियर की शुरुआत ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ से की थी। इसके बाद वह लंबे समय तक ‘जी मीडिया’ से जुड़े रहे, जहां उन्होंने जी न्यूज और जी बिजनेस में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
- जी बिजनेस का कार्यकाल: मई 2014 से नवंबर 2015 तक वह जी बिजनेस के चीफ एडिटर रहे। उनके कार्यकाल के दौरान डिबेट शो ‘बिग स्टोरी बिग डिबेट’ और इंटरव्यू शो ‘बिग एनकाउंटर’ काफी लोकप्रिय हुए।
- प्रमुख साक्षात्कार व रिपोर्टिंग: उन्होंने देवेंद्र फडणवीस, शिवराज सिंह चौहान, रमन सिंह, कमलनाथ और जयराम रमेश जैसी देश की दिग्गज राजनीतिक हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए। इसके अलावा, कोयला घोटाला और ओडिशा खनन घोटाले जैसी प्रमुख खबरों पर उनकी रिपोर्टिंग काफी चर्चित रही।
- सम्मान व पुरस्कार: पत्रकारिता में बेहतरीन योगदान के लिए उन्हें ENBA 2015 Best Business Channel Award, Power Brand 2016 Trendsetter Award, IMF Young Emerging Editors Award (2015) और सृष्टि अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
ऐसे में पूरे मीडिया जगत की निगाहें उनके अगले आधिकारिक ऐलान पर टिकी हुई हैं।
अमिश के अगले कदम को लेकर दो रास्ते सबसे ज्यादा चर्चा में हैं—पहला, किसी अन्य बड़े मीडिया हाउस का दामन थामना और दूसरा, बतौर उद्यमी (Entrepreneur) अपने खुद के वेंचर की शुरुआत करना।





Users Today : 37
Users Yesterday : 92