Home » Uncategorized » वरिष्ठ पत्रकार अशोक सिंघल की ‘न्यूज24’ में बड़ी एंट्री,कंसल्टेंट एडिटर के रूप में संभालेंगे इनपुट की जिम्मेदारी

वरिष्ठ पत्रकार अशोक सिंघल की ‘न्यूज24’ में बड़ी एंट्री,कंसल्टेंट एडिटर के रूप में संभालेंगे इनपुट की जिम्मेदारी

12 Views

नई दिल्ली। भारतीय टीवी पत्रकारिता के प्रमुख चेहरों में शुमार वरिष्ठ पत्रकार अशोक सिंघल ने हिंदी समाचार चैनल ‘न्यूज24’ के साथ अपनी नई पेशेवर पारी की शुरुआत कर दी है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने चैनल में कंसल्टेंट एडिटर के पद पर जॉइन किया है। बताया जा रहा है कि ‘न्यूज24’ में वह मुख्य रूप से इनपुट विभाग का नेतृत्व करेंगे और चैनल की खबरों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

‘आजतक’ में बिताया 18 सालों का लंबा सफर

इससे पहले अशोक सिंघल ने प्रमुख न्यूज चैनल ‘आजतक’ में लगभग 18 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद संस्थान से विदाई ली थी। वह जुलाई 2008 में ‘आजतक’ से जुड़े थे और वहां लंबे समय तक मैनेजिंग एडिटर (पॉलिटिक्स) के रूप में देश की राजनीतिक हलचलों और बड़ी राष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते रहे।

प्रिंट से टीवी तक, 34 वर्षों का समृद्ध अनुभव

मूल रूप से हरियाणा के जींद के रहने वाले अशोक सिंघल को मीडिया जगत में कार्य करने का 34 से अधिक वर्षों का वृहद अनुभव है। उन्होंने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत प्रतिष्ठित अखबार ‘जनसत्ता’ से की थी। वह वह दौर था जब प्रभाष जोशी दिल्ली में और ओम थानवी चंडीगढ़ में अखबार के संपादक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

​’जनसत्ता’ के बाद वह ‘राष्ट्रीय सहारा’ से जुड़े। इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का रुख किया और शुरुआती दौर में ‘एनडीटीवी’ में अपनी सेवाएं दीं। इसके उपरांत वह करीब 12 वर्षों तक ‘जी न्यूज’ के साथ बने रहे। वर्ष 2008 में उन्होंने ‘आजतक’ का रुख किया, जहां उन्होंने अपनी दमदार राजनीतिक रिपोर्टिंग से विशेष पहचान बनाई।

राजनीतिक रिपोर्टिंग और एक्सक्लूसिव खबरों का बड़ा नाम

अशोक सिंघल की गिनती मीडिया जगत के उन गिने-चुने पत्रकारों में होती है जिनकी संसद (Parliament) और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रही है। उन्होंने अपने करियर में ऐसी सैकड़ों महत्वपूर्ण खबरें ब्रेक की हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया।

​चकाचौंध और सोशल मीडिया की दुनिया से दूरी बनाकर सिर्फ अपनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीयता पर ध्यान केंद्रित करना उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जाता है। अब ‘न्यूज24’ में बतौर कंसल्टेंट एडिटर उनकी इस नई भूमिका से चैनल के इनपुट नेटवर्क और राजनीतिक कवरेज को एक नया आयाम और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

media4samachar
Author: media4samachar

Live Cricket

Daily Astrology