पुलिस द्वारा ‘रिपोर्टर टीवी’ (Reporter TV) के ठिकानों पर की गई छापेमारी के एक दिन बाद, चैनल के मैनेजिंग एडिटर और डायरेक्टर एंटो ऑगस्टीन को आबकारी विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उनके वायनाड स्थित आवास से भारी मात्रा में अवैध शराब मिलने के बाद हुई है। इस पूरी कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल मच गई है और पक्ष-विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं।

लियोनेल मेसी के केरल दौरे से जुड़ा है मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ‘रिपोर्टर टीवी’ के खिलाफ यह छापेमारी फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी (Lionel Messi) को केरल लाने के असफल प्रयास से जुड़े कथित वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में की गई थी।
पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) सरकार के दौरान राज्य के खेल विभाग ने अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम को अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए केरल लाने की योजना बनाई थी। इस आयोजन का प्रायोजक ‘रिपोर्टर टीवी’ था, जबकि सरकार इसमें सुविधा प्रदाता की भूमिका में थी। यह कार्यक्रम 2025 के अंत में होना था और इसके लिए कोच्चि का अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम चैनल और ‘रिपोर्टर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी’ (RBC) को सौंपा गया था, लेकिन यह आयोजन सिरे नहीं चढ़ पाया।
126 करोड़ रुपये के अवैध लेन-देन और फर्जीवाड़े का आरोप
मई में सत्ता परिवर्तन के बाद खेल विभाग ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए थे। जांच के दौरान कथित तौर पर 126 करोड़ रुपये के अवैध वित्तीय लेन-देन और जीएसटी भुगतान में चूक का खुलासा हुआ।
विशेष जांच दल (SIT) द्वारा दर्ज FIR में आरोप लगाया गया है कि RBC और चैनल के प्रबंधकों ने अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के साथ हुए समझौतों से जुड़े दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा किया। इसके आधार पर राज्य सरकार के साथ धोखाधड़ी की गई और कोच्चि स्टेडियम का गलत इस्तेमाल किया गया। इसी सिलसिले में पुलिस ने चैनल के न्यूजरूम, RBC कार्यालय और एंटो ऑगस्टीन तथा उनके भाइयों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
वायनाड स्थित घर से 67 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद
छापेमारी के दौरान विशेष जांच दल (SIT) को एंटो ऑगस्टीन के वायनाड स्थित घर से 67 लीटर अवैध इंडियन मेड फॉरेन लिकर (IMFL) और फॉरेन मेड फॉरेन लिकर का स्टॉक मिला।
केरल आबकारी कानून के नियमों के तहत, राज्य में एक व्यक्ति को अधिकतम 3 लीटर IMFL रखने की कानूनी अनुमति है। आबकारी विभाग ने इस मामले में गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक, दोष साबित होने पर इन धाराओं के तहत 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।
गुरुवार सुबह ऑगस्टीन को कोच्चि स्थित ‘रिपोर्टर टीवी’ मुख्यालय से हिरासत में लिया गया, जिसके बाद उन्हें वायनाड की अदालत में पेश किया जाएगा।
ऑगस्टीन की सफाई और राजनीतिक बयानबाजी
गिरफ्तारी से पहले एंटो ऑगस्टीन ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा, “मैंने मेसी से जुड़े सभी दस्तावेज सौंप दिए थे। अब आबकारी विभाग शराब मिलने का नया मामला ले आया है। मैंने अपनी जिंदगी में कभी शराब नहीं पी है और मैं जांच में पूरा सहयोग करूंगा।”
इस कार्रवाई के बाद राज्य में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है:
- विपक्षी CPI(M) ने इस कार्रवाई की तीखी आलोचना करते हुए इसे “आपातकाल के दिनों की याद दिलाने वाला” करार दिया है।
- दूसरी ओर, मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने पुलिस और जांच एजेंसियों की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि पिछली LDF सरकार के कार्यकाल के दौरान भी मीडिया के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई की जाती रही है।
फिलहाल, पुलिस वित्तीय अनियमितताओं और आबकारी विभाग अवैध शराब रखने के मामले की समानांतर जांच कर रहा है, जिससे आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।





Users Today : 179
Users Yesterday : 589