Raja Bhaiya Dhirendra Shastri Ram Katha: राजा भैया अब कुंडा में रामकथा के आयोजन की तैयारियों में जुट गए हैं। बाबा बागेश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा का आयोजन होगा।
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में राजनीतिक माहौल से इतर धार्मिक माहौल बनाने की कोशिश हो रही है। पिछले कुछ समय में लगातार धार्मिक आयोजनों के जरिए अधिक से अधिक लोगों के बीच पहुंचने की कोशिश करते जनप्रतिनिधि दिख रहे हैं। इस सूची में प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के कार्यक्रम की चर्चा शुरू हो गई है। राजा भैया ने विधानसभा चुनाव से पहले विधानसभा क्षेत्र कुंडा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा की योजना तैयार की है। इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन की तैयारियों ने क्षेत्र में माहौल बनाना शुरू कर दिया है। राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री को कार्यक्रम में कथा व्यास बनने के लिए आमंत्रित किया है। बागेश्वर धाम सरकार की ओर से आमंत्रण स्वीकार किए जाने की बात सामने आई है।
नवंबर में हो सकता है आयोजन
राजा भैया की ओर से कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों को लेकर जगह पर विचार शुरू किया गया है। माना जा रहा है कि बेती स्थित राजमहल परिसर या बड़े मैदान में कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। कार्यक्रम की तिथियों को लेकर भी सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी सामने आई है। रामकथा तीन दिनों की होगी।
नवंबर में 17, 18 और 19 तारीख को रामकथा का आयोजन हो सकता है। इसी आधार पर तैयारियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि, जनसत्ता दल की ओर से तारीखों को लेकर आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
दो लाख लोग हो सकते हैं शामिल
कुंडा में आयोजित होने वाली रामकथा में दो लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस कारण कथास्थल को भी उसी आधार पर तैयार कराया जाना है। कुंडा विधायक राजा भैया अपने सहयोगियों के साथ संभावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। जनसत्ता दल की ओर से निरीक्षण से संबंधित तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी की गई हैं।
साफ है कि कथा का आयोजन अब केवल चर्चा तक सीमित नहीं है। आयोजन को लेकर तैयारियों को तेज किया गया है। आयोजन स्थल को फाइनल किए जाने के साथ-साथ अन्य तैयारियों को भी पूरा कराया जा रहा है।
धीरेंद्र शास्त्री के साथ लगातार दिखे राजा भैया
राजा भैया ने पिछले वर्ष पंडित धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में अपने दोनों बेटों के साथ पहुंच कर हाजिरी लगाई थी। अब एक बार फिर राजा भैया ने उनसे मुलाकात कर उन्हें श्रीराम कथा में शामिल होने का आमंत्रण पत्र दिया। राजा भैया इससे पहले धीरेंद्र शास्त्री की यात्राओं में सक्रिय तौर पर भाग लेते रहे हैं। राजा भैया की धीरेंद्र शास्त्री के साथ मुलाकात के बाद से कार्यक्रम के आयोजन की चर्चा हो रही थी। राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह धार्मिक प्रवृति के माने जाते हैं।
कुंडा में लगातार धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा है। कुंडा और प्रतापगढ़ में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को मानने वाले लोगों की संख्या काफी ज्यादा है। ऐसे में राजा भैया इस कार्यक्रम से क्षेत्र में अपनी छवि को और सुधार सकते हैं। हाल के समय में उन्होंने लगातार सनातन की बात कर अपने पक्ष में माहौल बनाया है।
लगातार हो रहे आयोजन
प्रदेश में चुनावी राजनीति गरमाने के साथ ही धार्मिक आयोजनों का दौर भी तेज हुआ है। जनप्रतिनिधि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने के लिए धार्मिक कार्यक्रमों का सहारा ले रहे हैं। इन कार्यक्रमों में जातीय बंधन तोड़कर सभी समुदाय के लोग शामिल होते हैं। इसका बड़ा संदेश जाता है। हाल ही में भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गोंडा में रितेश्वर महाराज की कथा कराई थी। इसके बाद यूपी सरकार में मंत्री मनोज पांडेय कथा करा रहे हैं।
मनोज पांडेय ने रायबरेली के ऊंचाहार में शिव महापुराण कथा का आयोजन किया है। इसमें पंडित प्रदीप मिश्रा कथा कर रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ भी पिछले दिनों इस कथा में पहुंचे थे। अब राजा भैया की ओर से आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। इसको लेकर कई प्रकार की चर्चा हो रही है।





Users Today : 167
Users Yesterday : 601