टाइम्स ग्रुप का प्रीमियम ब्रॉडकास्ट नेटवर्क Times Network अब अपने स्पोर्ट्स चैनल ‘Pickleball Now’ को दुनिया भर में विस्तार दे रहा है। यह दुनिया का पहला ऐसा टीवी चैनल है जो सिर्फ पिकलबॉल खेल के लिए बनाया गया है और CTV व डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। चैनल का मकसद इस तेजी से लोकप्रिय हो रहे खेल को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है। इस पर लाइव इंटरनेशनल टूर्नामेंट, हाइलाइट्स, इंटरव्यू, टैक्टिकल ब्रेकडाउन, बिहाइंड-द-सीन्स स्टोरीज, छोटे वीडियो और ग्लोबल पिकलबॉल खबरें दिखाई जाएंगी।
यह चैनल पहले ही भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कई देशों के बड़े टूर्नामेंट दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचा चुका है। इसमें NPL Australia – Sydney, NPL Australia – Brisbane, PWR DUPR India Masters और Pickleball World Cup जैसे इवेंट शामिल हैं। लगातार हाई-क्वॉलिटी कंटेंट की वजह से चैनल ने दुनियाभर में एक मजबूत और एक्टिव ऑडियंस बना ली है।
पिकलबॉल को बढ़ावा देने की दिशा में चैनल एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है। Pickleball Now अब भारत की पहली आधिकारिक राष्ट्रीय पिकलबॉल लीग Indian Pickleball League (IPBL) का प्रसारण करेगा। इस लीग को इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन ने मंजूरी दी है और इसे युवा मामले एवं खेल मंत्रालय (MYAS) की मान्यता प्राप्त है। लीग का लाइव प्रसारण 1 दिसंबर 2025 से शुरू होगा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चैनल अपने प्रोग्रामिंग लाइनअप को और बड़ा करने की तैयारी में है। इसमें Global LIVE Tournament Coverage, PWR World Tour 2026 (जापान, यूके, इटली, अमेरिका, ब्राजील सहित कई देशों में) और शुरुआती से लेकर एडवांस खिलाड़ियों के लिए ट्रेनिंग व स्किल-बिल्डिंग सेगमेंट शामिल होंगे। साथ ही रूल्स, रणनीति, उपकरण समीक्षा, कम्युनिटी स्टोरीज, और युवा खिलाड़ियों के लिए खास कंटेंट भी दिखाए जाएंगे।
भारत में दर्शक Times Play ऐप पर लाइव टूर्नामेंट देख सकेंगे। इसके अलावा JioTV, JioTV+, Airtel Xstream, DailyHunt और OTT Play पर भी चैनल उपलब्ध होगा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी शुरुआत BOTIM, Distro, YuppTV और Rumble पर होगी। बाद में इसे अमेरिका, MENA, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड, ब्रिटेन और बाकी देशों में भी बढ़ाया जाएगा।
टाइम्स नेटवर्क ने कहा कि पिकलबॉल दुनिया भर में तेजी से बढ़ रहा खेल है और Pickleball Now इसे वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। दुनिया का पहला पिकलबॉल-फोकस्ड स्पोर्ट्स चैनल होने के कारण कंपनी इसे इंटरनेशनल लेवल पर मजबूत करने और अलग-अलग देशों की लीग्स के साथ साझेदारी का विस्तार करने की योजना बना रही है।
Pickleball Now की आधिकारिक वेबसाइट pickleballnow.in भी जल्द ही एक डिजिटल हब के रूप में विकसित की जाएगी। इसमें मैच शेड्यूल, ग्लोबल कवरेज, टूर्नामेंट सर्च, प्लेयर डाटा, एडिटोरियल कंटेंट, ट्रेनिंग टूल्स, कम्युनिटी स्टोरीज और पिकलबॉल के उपकरण व मर्चेंडाइज की शॉपिंग सुविधा भी उपलब्ध होगी।
पिकलबॉल की लगातार बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए Pickleball Now खुद को इस खेल का सबसे बड़ा ग्लोबल डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। चैनल का लक्ष्य फैंस को खेल के और करीब लाना, नए खिलाड़ियों को मंच देना और दुनिया भर की पिकलबॉल कम्युनिटी को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़ना है।




Users Today : 139
Users Yesterday : 139