ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े पब्लिक ब्रॉडकास्टर ABC के चर्चित इनवेस्टिगेटिव पत्रकार महमूद फ़ज़ल एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। आरोप है कि उन्होंने एक ट्रू-क्राइम पॉडकास्ट के लिए एक विदेशी क्रिप्टो-जुआ कंपनी से गुप्त रूप से भारी नकद भुगतान लिया—वह भी अपने संगठन को बिना बताए। यह खुलासा डेली मेल और अन्य मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया है।
मामला तब शुरू हुआ जब मेलबर्न के “आउटलॉ जर्नलिस्ट” के तौर पर पहचाने जाने वाले रयान नौमेन्को ने अपना पॉडकास्ट Word on the Street शुरू किया और फ़ज़ल को को-होस्ट के रूप में बुलाया। दो एपिसोड में ही 12,500 डॉलर का भुगतान!
रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले एपिसोड के लिए फ़ज़ल ने 7,500 ऑस्ट्रेलियन डॉलर नकद की मांग की, दूसरे एपिसोड के लिए 4,000 डॉलर नकद और 1,000 डॉलर ऑनलाइन। यानी केवल दो एपिसोड में 12,500 डॉलर से ज्यादा प्राप्त किए।
और भी चौंकाने वाला खुलासा यह है कि इस पॉडकास्ट को फंड करने वाली कंपनी VegasStars एक अनलाइसेंस्ड क्रिप्टो-कैसिनो है, जो हर एपिसोड के लिए 25,000 डॉलर दे रही थी।
ABC को इसकी भनक तक नहीं लगी
ABC के नियम बेहद सख़्त हैं—किसी भी बाहरी पेड वर्क के लिए पहले से लिखित अनुमति लेनी होती है। फ़ज़ल ने यह अनिवार्य नियम पूरी तरह तोड़ा और पूरे मामले को छिपाए रखा।
ABC की जांच पर भी सवाल
विवाद बढ़ने पर पॉडकास्ट सिर्फ़ दो एपिसोड के बाद ही बंद करना पड़ा। ABC ने आंतरिक जांच शुरू करने की घोषणा तो कर दी, लेकिन रयान नौमेन्को के अनुसार, “कई हफ्तों से ABC ने मुझसे एक भी सवाल नहीं पूछा। मैंने खुद ईमेल कर सहयोग की पेशकश की—लेकिन कोई जवाब नहीं आया।”
फ़ज़ल की सफाई: “चैट संदर्भ से बाहर”
महमूद फ़ज़ल का कहना है कि पब्लिक डोमेन में आई व्हाट्सऐप चैट्स को गलत तरीके से पेश किया गया है। उनके वकील रेबेका गिल्स का दावा है कि जो रकम मिली, वह उन्होंने अपने प्रोडक्शन क्रू के लिए ली थी। नौमेन्को ने इस दावे को पूरी तरह झूठ बताया है।
कौन हैं महमूद फ़ज़ल?
इसके पीछे फ़ज़ल का दिलचस्प अतीत भी ध्यान खींच रहा है। वह कभी खतरनाक Mongols biker gang के सदस्य रहे, 2021 में उन्होंने अपना जीवन बदलकर ABC के प्रतिष्ठित प्रोग्राम Four Corners में रिपोर्टिंग शुरू की। कई इनाम और सराहना भी मिली। लेकिन अब क्रिप्टो-फंडिंग विवाद और नकद लेन-देन का मामला उनकी नौकरी पर असर डाल सकता है।
नौमेन्को पर भी छाया अंडरवर्ल्ड का साया
रिपोर्ट्स के अनुसार, रयान नौमेन्को अपराध जगत पर गहरी पहुंच रखने वाले पत्रकार माने जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में उनकी मां के घर पर हमला हुआ—पुलिस हमलावरों को जानती है, एक मुख्य आरोपी दुबई में बैठा है—लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।





Users Today : 87
Users Yesterday : 139