आज तक (Aaj Tak) और इंडिया टुडे (India Today) जैसे प्रमुख न्यूज ब्रांड्स संचालित करने वाली ‘TV Today Network Limited’ का FY26 में मुनाफा तेज़ी से घटा है। कंपनी ने मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में ₹14.35 करोड़ का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि FY25 में यह ₹74.53 करोड़ था।
कंपनी की ऑपरेशनल आय भी करीब 19 प्रतिशत गिरकर ₹808.7 करोड़ रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष में ₹993.02 करोड़ थी। स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का लाभ ₹13.74 करोड़ रहा, जबकि एक साल पहले यह ₹74.83 करोड़ था।
कंपनी ने बताया कि कमजोर विज्ञापन राजस्व, पुनर्गठन लागत और रेडियो कारोबार में जारी नुकसान का असर वित्तीय प्रदर्शन पर पड़ा। TV Today की रेडियो ब्रॉडकास्टिंग यूनिट को अब “डिस्कंटीन्यूड ऑपरेशंस” के रूप में वर्गीकृत किया गया है। FY26 में इस कारोबार से कंपनी को ₹5.89 करोड़ का नुकसान हुआ। कंपनी पहले ही अपने FM रेडियो कारोबार को बेचने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है।
नवंबर 2025 में TV Today ने अभिजीत रियल्टर्स एंड इंफ्रावेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ ₹10 करोड़ में रेडियो बिजनेस बेचने का समझौता किया था। इसके अलावा कंपनी ने रेडियो कारोबार से जुड़ा ₹9.63 करोड़ का इम्पेयरमेंट लॉस भी दर्ज किया। नए लेबर कोड लागू होने से बढ़ी लागत का भी असर पड़ा, हालांकि मार्च तिमाही में कंपनी ने कुछ प्रावधान वापस लेकर राहत हासिल की।
इसके बावजूद कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत बनी हुई है। 31 मार्च 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति ₹1,129.16 करोड़ रही, जबकि कैश और कैश इक्विवेलेंट बढ़कर ₹23.43 करोड़ हो गए।



Users Today : 197
Users Yesterday : 233