नई दिल्ली: देश के अग्रणी मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘नेटवर्क18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड’ से मीडिया जगत की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। वरिष्ठ डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल निखिल राठौर ने नेटवर्क18 समूह में अपनी नई पारी की शुरुआत की है। उन्हें इस प्रतिष्ठित मीडिया समूह के तेजी से उभरते डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘कड़क’ (Kadak) के एडिटर (संपादक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निखिल राठौर ने स्वयं अपने आधिकारिक लिंक्डइन हैंडल के माध्यम से इस जुड़ाव की जानकारी सार्वजनिक की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि वर्षों तक स्टोरीटेलिंग, टीम बिल्डिंग और प्रभावशाली पत्रकारिता पर बारीकी से काम करने के बाद, अब वह इस नई चुनौती को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह उत्साहित हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस नए सफर में उनका मुख्य फोकस दर्शकों के लिए निर्भीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली कंटेंट तैयार करने में अपना योगदान देना होगा।
डिजिटल मीडिया का 18 वर्षों का लंबा अनुभव
निखिल राठौर को मीडिया और डिजिटल इंडस्ट्री में काम करने का करीब 18 वर्षों का एक व्यापक अनुभव है। वे डिजिटल वीडियो, सोशल मीडिया स्ट्रैटेजी, ऑर्गेनिक ग्रोथ, यूट्यूब ऑपरेशंस और वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत—AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में गहरी और मजबूत पकड़ रखने के लिए जाने जाते हैं।
नेटवर्क18 के साथ पुराना और गहरा नाता
दिलचस्प बात यह है कि नेटवर्क18 के साथ निखिल का यह जुड़ाव नया नहीं है। इससे पहले भी वे इस समूह में कई महत्वपूर्ण और शीर्ष पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पूर्व में वे नेटवर्क18 के प्रमुख चैनल्स और प्लेटफॉर्म्स—‘News18 India’, ‘SportsNext’ और ‘News18 Hindi’ के ‘हेड, ऑफ प्लेटफॉर्म’ की बड़ी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इस कार्यकाल के दौरान उन्होंने न्यूज18 हिंदी के संपूर्ण सोशल मीडिया ऑपरेशंस, वीडियो कंटेंट और यूट्यूब ऑपरेशंस का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया था।
इसके अलावा, उन्होंने समूह के भीतर ‘लीड-वीडियो स्ट्रैटेजी एंड ऑपरेशंस’ और ‘न्यूज एडिटर, वीडियो सिनर्जी’ जैसी रणनीतिक भूमिकाओं में भी बेहतरीन काम किया है।
’HT Digital Streams’ में रहे चुके हैं वीडियो ग्रोथ हेड
नेटवर्क18 में अपनी इस वापसी से ठीक पहले निखिल राठौर ‘HT Digital Streams’ में ‘हेड (वीडियो ग्रोथ)’ के पद पर कार्यरत थे। वहां रहते हुए उन्होंने डिजिटल स्पेस में कई बड़े और सफल प्रयोग किए। उन्होंने ‘No Intervals’, ‘Alert News’ और ‘DesiMartini Podcast’ जैसी कई लोकप्रिय डिजिटल प्रॉपर्टीज और ब्रांड्स की लॉन्चिंग तथा री-लॉन्चिंग में बेहद अहम भूमिका निभाई थी, जिसे इंडस्ट्री में काफी सराहा गया।
देश के अन्य शीर्ष मीडिया घरानों में भी रहा है जलवा
अपने शानदार करियर में निखिल राठौर ने देश के लगभग सभी बड़े और प्रतिष्ठित न्यूज नेटवर्क्स के साथ काम किया है। वे सीएनएन-न्यूज18 (CNN-News18), इंडिया टुडे (India Today), न्यूजएक्स (NewsX), एनडीटीवी (NDTV) और होमशॉप18 (HomeShop18) जैसे अग्रणी मीडिया संस्थानों का हिस्सा रह चुके हैं।
निखिल राठौर के इस व्यापक अनुभव और डिजिटल वीडियो व सोशल मीडिया की बारीकियों को देखते हुए यह माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में ‘कड़क’ प्लेटफॉर्म डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। डिजिटल पत्रकारिता में लगातार आ रहे बदलावों के बीच दर्शकों को ‘कड़क’ पर कुछ नया और बेहद आकर्षक कंटेंट देखने को मिल सकता है।



Users Today : 68
Users Yesterday : 256