नोएडा: भारतीय रीजनल मीडिया जगत से इस वक्त की एक बहुत बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। समाचार चैनल ‘भारत अपडेट’ के भीतर का आंतरिक विवाद अब पूरी तरह से सड़कों और कानूनी चौखटों पर आ चुका है।
चैनल के मुख्य मालिकों—ललित सिंह और श्याम पटेल—ने चैनल के वर्तमान डायरेक्टर विवेक पाठक के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन पर धोखाधड़ी, वित्तीय अनियमितता और कर्मचारियों के उत्पीड़न के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुख्य मालिकों ने साफ कर दिया है कि वे अब इस मामले में किसी भी तरह के समझौते के मूड में नहीं हैं और आरोपी डायरेक्टर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कर्मचारियों का वेतन हड़पने और नंबर ब्लॉक करने का संगीन आरोप
मुख्य मालिक ललित सिंह और श्याम द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, डायरेक्टर विवेक पाठक ने चैनल में पूर्व में अपनी सेवाएं दे चुके कर्मचारियों का वेतन (सैलरी) लंबे समय से रोक रखा है। बकाया भुगतान न मिलने के कारण कई कर्मचारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, जिनमें महिला एंकरों से लेकर भारी संख्या में सपोर्टिंग व टेक्निकल स्टाफ शामिल हैं।
आरोप है कि जब भी पीड़ित कर्मचारी अपने मेहनत की कमाई के लिए विवेक पाठक से संपर्क करने का प्रयास करते हैं, तो डायरेक्टर महोदय या तो फोन कॉल पिक नहीं करते या फिर पीड़ित स्टाफ के नंबरों को सीधे ब्लॉक लिस्ट में डाल देते हैं। वेतन देने की कोई निश्चित समय-सीमा तय करने के बजाय कर्मचारियों को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
”चैनल सेल करने के नाम पर बोला झूठ और की धोखाधड़ी”
विवेक पाठक पर वादाखिलाफी का बड़ा आरोप मढ़ते हुए मुख्य मालिक ललित सिंह ने कहा:
”इस फ्राडियल डायरेक्टर ने मुझसे यह वादा करके चैनल सेल (बेचने) का सौदा किया था कि वह पूर्व में कार्यरत सभी कर्मचारियों का बकाया वेतन हर हाल में क्लियर कर देगा। उसने कहा था कि जिनका भी भुगतान बाकी है, वह सब चुका दिया जाएगा। लेकिन इस डील में भी उसने मुझसे सरासर झूठ बोला, धोखा दिया और लगातार गलत बयानबाजी करके गुमराह करता रहा।”
भेजा गया लीगल नोटिस, MCA में भी शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
ललित सिंह ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अब पानी सिर से ऊपर जा चुका है। उन्होंने कहा कि वे इस धोखाधड़ी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेक पाठक को लीगल नोटिस (कानूनी नोटिस) तामील करा दिया गया है। इसके साथ ही, कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA – Ministry of Corporate Affairs) में भी चैनल के डायरेक्टर्स के खिलाफ आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज कराई जा रही है। मुख्य मालिकों का कहना है कि वे इस मामले को लेकर कोर्ट तक जाएंगे और जो भी कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी, वो अमल में लाई जाएगी।
मुख्य मालिकों की खुली चेतावनी: किसी भी वित्तीय लेनदेन के जिम्मेदार आप खुद होंगे
चैनल के मुख्य मालिक ललित सिंह ने मीडिया इंडस्ट्री, सरकारी विभागों और आम जनता के लिए एक बेहद जरूरी और सख्त चेतावनी (Disclaimer) जारी की है:
झांसे में न आएं कर्मचारी और ब्यूरो: चैनल का कोई भी वर्तमान या भविष्य का संपादक, ब्यूरो चीफ, कर्मचारी या एसोसिएट विवेक पाठक के किसी भी झांसे या सुनहरे वादों में न आए।
सरकारी विभाग व विज्ञापन एजेंसियां रहें सतर्क: कोई भी सरकारी विभाग, विज्ञापन एजेंसी या कॉर्पोरेट घराना विवेक पाठक के साथ किसी भी प्रकार का वित्तीय लेनदेन (Financial Transaction) न करे।
खुद की होगी जिम्मेदारी: यदि कोई भी पक्ष इस चेतावनी के बाद भी विवेक पाठक के साथ किसी प्रकार का आर्थिक या व्यावसायिक समझौता करता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी उसकी स्वयं की होगी। इसके लिए मुख्य मालिक ललित सिंह और श्याम कानूनी या आर्थिक रूप से कतई जिम्मेदार नहीं होंगे।





Users Today : 9
Users Yesterday : 275