Home » आवाजाही » डायरेक्टर व को फाउंडर वरिष्ठ पत्रकार संकेत उपाध्याय ने दिया इस मीडिया संस्थान से इस्तीफा

डायरेक्टर व को फाउंडर वरिष्ठ पत्रकार संकेत उपाध्याय ने दिया इस मीडिया संस्थान से इस्तीफा

206 Views

जाने-माने पत्रकार और सीनियर न्यूज एंकर संकेत उपाध्याय ने डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘द रेड माइक’ (The Red Mike) की सभी जिम्मेदारियों से खुद को अलग कर लिया है। वह यहां डायरेक्टर और को-फाउंडर के पद पर अपनी भूमिका निभा रहे थे।

समाचार4मीडिया से बातचीत में संकेत उपाध्याय ने ‘द रेड माइक’ से अलग होने की पुष्टि की है। संकेत उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने यह फैसला निजी कारणों से लिया है। वह फिलहाल अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते हैं। संकेत उपाध्याय के अनुसार, ‘अभी तय तय नहीं है कि मैं आगे क्या करूंगा लेकिन पत्रकारिता मेरा प्यार है और रहेगी। देखते हैं जीवन किस दिशा में करवट लेता है।’ आपको यह भी बता दें कि पिछले महीने ही संकेत उपाध्याय की माताजी का देहावसान हुआ था।

संकेत उपाध्याय ने ‘एऩडीटीवी’ (NDTV) में अपनी पारी को विराम देने के बाद करीब दो साल पहले पत्रकार वरिष्ठ पत्रकार सुनील सैनी और सौरभ शुक्ला के साथ ‘द रेड माइक’ की शुरुआत की थी।

संकेत उपाध्याय के करियर की बात करें तो उन्होंने अक्टूबर 2023 में ‘एनडीटीवी’ को अलविदा कहा था। उस समय वह करीब साढ़े चार साल से इस संस्थान में कंसल्टिंग एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।

उस दौरान उन्होंने 2019 में दूसरी बार ‘एनडीटीवी’ के साथ अपनी पारी शुरू की थी। वह एनडीटीवी 24X7 और एनडीटीवी इंडिया दोनों ही चैनलों पर नजर आते थे। वह NDTV इंडिया के रात नौ बजे के प्राइम टाइम शो ‘खबरों की खबर’ का चेहरा थे। इसके अलावा संकेत हिंदी न्यूज जगत का सबसे पुराना डिबेट शो ‘मुक़ाबला’ और अंग्रेजी में देश का सबसे पुराना डिबेट शो ‘The Big Fight’ होस्ट करते थे।

संकेत उपाध्याय ने प्रिंट पत्रकार के तौर पर वर्ष 2002 में ‘इंडो एशियन न्यूज सर्विस’ (IANS) से अपने कॅरियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह जयपुर चले गए और ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ अखबार जॉइन कर लिया। वे वहां सिटी रिपोर्टर के तौर पर करीब दो साल तक कार्यरत रहे।

वर्ष 2005 में उन्होंने ‘एनडीटीवी’ के साथ टीवी की दुनिया में कदम रखा। यहां उन्होंने सिटी डेस्क से शुरुआत की और बाद में उन्हें एनडीटीवी के अंग्रेजी चैनल ‘NDTV 24×7’ का लखनऊ ब्यूरो हेड बना दिया गया। जिस समय संकेत को यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई, उस समय उनकी उम्र महज 23 साल थी।

वर्ष 2008 में संकेत ने दिल्ली का रुख किया और यहां अंग्रेजी चैनल ‘टाइम्स नाउ’ के साथ करीब साढ़े पांच साल तक काम किया। यहां उन्होंने प्रिंसिपल करेसपॉन्डेंट के तौर पर जॉइन किया था और वर्ष 2014 में जब इस्ती‍फा दिया था, तब वह यहां डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर काम कर रहे थे। अपनी इस पारी के दौरान संकेत ने लगभग सभी बड़ी घटनाओं, जिनमें बाढ़ की त्रासदी से लेकर चुनाव और दंगों सभी को कवर किया। सात बजे अपने शो की एंकरिंग के अलावा वह उस समय चैनल के एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वामी की गैरमौजूदगी में कई बार ‘NewsHour’ शो को भी होस्ट करते थे।

वर्ष 2014 में संकेत ने आउटपुट इंचार्ज के तौर पर ‘इंडिया टुडे’ ग्रुप जॉइन कर लिया था। यहां उन्होंने एक रिपोर्टर और एंकर दोनों की भूमिका निभाई। यहां अन्य महत्वपूर्ण काम करने के साथ ही उन्होंने ‘First Up’ शो को भी होस्ट किया था।

इसके बाद संकेत उपाध्याय ने वर्ष 2016 में ‘CNN News 18’ में बतौर डिप्टी एग्जिक्यूटिव एडिटर के तौर पर अपनी पारी शुरू की। यहां चैनल के दिन के सभी ऑपरेशंस में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। इसके अलावा वह यहां शाम का प्राइम टाइम शो भी होस्ट करते थे। इसके बाद ‘इंडिया अहेड’ होते हुए उन्होंने फिर ‘एनडीटीवी’ के साथ अपनी दूसरी पारी शुरू की थी, जहां से करीब दो साल पहले इस्तीफा देकर उन्होंने बतौर को-फाउंडर अपना डिजिटल मीडिया वेंचर ‘द रेड माइक’ शुरू किया था, जहां से अब उन्होंने खुद को अलग कर लिया है।

media4samachar
Author: media4samachar

Live Cricket

Daily Astrology