Noida: देश के प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनलों में शुमार ‘इंडिया टीवी’ (India TV) से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। मीडिया जगत में चर्चा है कि संस्थान में बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सूत्रों के हवाले से यह दावा किया जा रहा है कि इस पूरी कवायद को आंतरिक “ऑडिट” का नाम दिया गया है, जिसके तहत हाल ही में कई पत्रकारों और तकनीकी स्टाफ को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
डिजिटल और वेबसाइट टीम पर गिरी गाज
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक करीब 15 कर्मचारियों को टीम से हटाया जा चुका है। बताया जा रहा है कि इन 15 लोगों में चैनल की वेबसाइट (Digital Wing) से जुड़े लगभग 5 कर्मचारी भी शामिल हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से डिजिटल डेस्क पर काम करने वाले कर्मियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
क्या 150 और कर्मचारियों की जाएगी नौकरी?
मीडिया गलियारों में सबसे चौंकाने वाली चर्चा यह है कि यह छंटनी अभी रुकी नहीं है। कुछ सूत्रों का दावा है कि प्रबंधन कुल मिलाकर लगभग 150 कर्मचारियों को निकालने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में होने वाली छंटनी की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन भविष्य में आने वाली लिस्ट को लेकर कर्मचारियों में भारी डर और अनिश्चितता का माहौल है।
प्रबंधन की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं
फिलहाल, India TV प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। संस्थान के भीतर चल रहे इस “ऑडिट” और छंटनी के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन आर्थिक रीस्ट्रक्चरिंग को इसकी एक मुख्य वजह माना जा रहा है।
कर्मचारियों में भारी असमंजस
संस्थान के भीतर इस समय चिंता और तनाव की स्थिति बनी हुई है। कर्मचारियों के बीच यह सवाल सबसे बड़ा है कि आने वाले दिनों में छंटनी की इस ‘जद’ में और कौन-कौन से विभाग और नाम शामिल हो सकते हैं। प्रबंधन की चुप्पी ने इस असमंजस को और अधिक बढ़ा दिया है।




Users Today : 19
Users Yesterday : 63