नोएडा: नोएडा से संचालित प्रतिष्ठित न्यूज चैनल “हिन्दी खबर” इन दिनों मीडिया जगत की सबसे बड़ी सुर्खियों में बना हुआ है। चैनल प्रबंधन और उसकी महिला एंकर ऋतु भंडारी के बीच का विवाद अब एक बेहद गंभीर और हाई-प्रोफाइल कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है। चैनल प्रबंधन ने महिला एंकर के खिलाफ बेहद कड़ा रुख अख्तियार करते हुए ₹50 लाख रुपये की मानहानि का लीगल नोटिस ठोक दिया है।
क्या है पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत तब हुई जब एंकर ऋतु भंडारी ने अपनी महिला अधिवक्ता के माध्यम से ‘हिन्दी खबर’ के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल को एक लीगल नोटिस भेजा। इस नोटिस के सामने आने के बाद चैनल प्रबंधन भड़क गया और उसने एंकर पर गंभीर आरोप लगाए।
चैनल प्रबंधन का स्पष्ट कहना है कि:
”महिला एंकर ऋतु भंडारी ने अपनी ही महिला अधिवक्ता को गुमराह किया है। उन्होंने वकील को जो भी जानकारियां दी हैं, वे पूरी तरह से आधी-अधूरी, भ्रामक और गलत तथ्यों पर आधारित हैं। चैनल की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।”
प्रबंधन का कड़ा पलटवार: ₹50 लाख का हर्जाना और माफीनामे की मांग
एंकर ऋतु भंडारी के लीगल नोटिस का जवाब ‘हिन्दी खबर’ ने बेहद आक्रामक तरीके से दिया है। प्रबंधन द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार एंकर को एक जवाबी लीगल नोटिस भेजा गया है, जिसमें निम्नलिखित मांगें की गई हैं:
₹50 लाख का जुर्माना: गलत आरोपों से चैनल और संपादक की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने के एवज में ₹50 लाख रुपये के हर्जाने की मांग की गई है।
लिखित माफीनामा: एंकर को अपनी गलतियों को स्वीकार करते हुए एक औपचारिक लिखित माफीनामा प्रबंधन को सौंपना होगा।
अदालत जाने की चेतावनी: यदि एंकर द्वारा इस नोटिस का तय समय सीमा के भीतर समुचित और संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया, तो प्रबंधन संविधान द्वारा प्रदत्त कानूनी अधिकारों का प्रयोग करते हुए सीधे माननीय न्यायालय की शरण में जाएगा।
हिन्दी खबर’ ने उतारी वकीलों की भारी-भरकम फौज,लीगल सेल मजबूत
इस कानूनी लड़ाई को मुकाम तक पहुँचाने के लिए ‘हिन्दी खबर’ प्रबंधन ने अपनी कानूनी टीम (Legal Cell) को बेहद मजबूत कर लिया है। चैनल ने देश के दो बड़े और नामचीन कानूनी विशेषज्ञों को अपने लीगल सेल में शामिल किया है
अधिवक्ता कुमार प्रशांत जी: सुप्रीम कोर्ट में ‘एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड’ (AoR), जो शीर्ष अदालत में चैनल के लीगल कार्य संभालेंगे
अधिवक्ता नवीन कुमार जी: हाई कोर्ट के जाने-माने वरिष्ठ वकील, जो उच्च न्यायालय के स्तर पर चैनल के सभी मामले को संभालेंगे।
मीडिया जगत में हलचल
नोएडा मीडिया हब से आ रही इस खबर ने पूरे पत्रकारिता जगत को चौंका दिया है। एक तरफ जहाँ महिला एंकर के आरोपों को लेकर कयासबाजी तेज है, वहीं दूसरी तरफ ‘हिन्दी खबर’ प्रबंधन के इस आक्रामक और कानूनी रूप से सुदृढ़ रुख ने यह साफ कर दिया है कि वह इस मामले में किसी भी तरह के समझौते या दबाव में आने वाले नहीं हैं। अब देखना यह होगा कि एंकर ऋतु भंडारी इस ₹50 लाख के नोटिस और माफीनामे की मांग पर क्या कानूनी कदम उठाती हैं।



Users Today : 69
Users Yesterday : 256